Headlines
Loading...
कमिश्नरेट कानपुर नगर में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव जागरूकता प्रशिक्षण अभियान के व्यावहारिक टिप्स होटल संचालकों को दिये गए...

कमिश्नरेट कानपुर नगर में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव जागरूकता प्रशिक्षण अभियान के व्यावहारिक टिप्स होटल संचालकों को दिये गए...

कानपुर, 27 जून। कही भी यदि आग लगी हाे ताे उस स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यदि कर्मचारी प्रशिक्षित और सतर्क हों तो जनहानि और संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से कमिश्नरेट कानपुर नगर के तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा एवं बचाव जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान के दूसरे दिन होटल संचालकों और व्यवस्थापकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस कार्यालय सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का समन्वय नोडल अधिकारी अपर पुलिस उपायुक्त (अभिसूचना) महेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा, फायर सर्विस, सिविल डिफेंस और केस्को के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने होटल संचालकों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शुरुआती स्तर पर सुरक्षित तरीके से आग पर काबू पाने के उपाय बताए। विभिन्न प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया और अलग-अलग परिस्थितियों में आग बुझाने की तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा आग से झुलसने या अन्य हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने के तरीकों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने होटल संचालकों से परिसर में अग्निशमन उपकरणों का नियमित रखरखाव, विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन और कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिलाने की अपील की। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न होटल प्रतिष्ठानों से जुड़े करीब 250 संचालकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त किया।

पुलिस उपायुक्त (अभिसूचना) महेश कुमार ने कहा कि किसी भी अग्निकांड के दौरान शुरुआती कुछ मिनट सबसे अहम होते हैं। यदि संबंधित संस्थानों के कर्मचारी प्रशिक्षित हों और सुरक्षा मानकों का पालन करें तो जनहानि और संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसलिए सभी प्रतिष्ठानों में नियमित प्रशिक्षण और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।