Headlines
Loading...
गोरखपुर:CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, 'दल से पहले देश है, व्यक्ति से पहले समाज की भावना के साथ काम करें'... देखें फ़ोटोज़...

गोरखपुर:CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, 'दल से पहले देश है, व्यक्ति से पहले समाज की भावना के साथ काम करें'... देखें फ़ोटोज़...

गोरखपुर ब्यूरो, (एन के यादव)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (27 जून) को गोरखपुर के गुलरिहा स्थित एक रिजॉर्ट में बीजेपी महानगर के प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने बीजेपी की यात्रा, संगठन की विचारधारा, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और देश के विकास पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हमेशा दल से पहले देश और व्यक्ति से पहले समाज की भावना के साथ काम करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी ने मूल्यों और आदर्शों की राजनीति करते हुए शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि 1985 में पार्टी के पास लोकसभा में सिर्फ दो सीटें थीं, जबकि आज केंद्र सरकार के साथ देश के 21 राज्यों में बीजेपी की अपनी सरकार है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में बीजेपी की यात्रा केवल सत्ता हासिल करने की कहानी नहीं है, बल्कि सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और समन्वय की यात्रा है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उस कथन का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि बिना मूल्यों और आदर्शों वाली राजनीति मौत का फंदा है. योगी ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं के लिए संस्थापकों के आदर्श और संस्कार हमेशा सर्वोपरि रहे हैं।

2014 के बाद देश ने दुश्मनों को जवाब देना सीखा- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश को बाहरी और आंतरिक सुरक्षा का मजबूत मॉडल दिया है. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले दुश्मन देश भारतीय सैनिकों के साथ क्रूरता करते थे, लेकिन उस समय की सरकारें खुलकर जवाब नहीं देती थीं। उनका कहना था कि 2014 के बाद देश ने दुश्मनों की आंख में आंख डालकर जवाब देना सीखा और एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए दुनिया को अपनी ताकत दिखाई।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले कश्मीर आतंकवाद की आग में जल रहा था, पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद चरम पर था और देश के 120 जिलों में नक्सलवाद का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर में आतंकवाद को कुचल दिया गया है, पूर्वोत्तर में उग्रवाद समाप्त हो चुका है और नक्सलवाद अब केवल एक-दो जिलों तक सीमित रह गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश और देश का विकास तभी संभव है जब वहां सुरक्षा का माहौल हो. उन्होंने कहा कि आज बेहतर कानून व्यवस्था की वजह से देशभर में सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, इनलैंड वाटरवे, रोपवे और लॉजिस्टिक से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकास की सबसे बड़ी जरूरत है और जितना बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होगा, विकास भी उतनी ही तेज गति से होगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को जमीन पर उतार रही है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में दुनिया ने बदलते भारत को देखा है और सरकार की सभी योजनाओं का केंद्र समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति है।

उन्होंने बताया कि देश में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं, 4 करोड़ गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर मिले हैं और करोड़ों लोगों को नल से जल की सुविधा मिली है. उन्होंने कहा कि 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है, जबकि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, पीएम विश्वकर्मा, ओडीओपी और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलकर देश के विकास में भागीदार बने हैं।

राम मंदिर से लेकर काशी और महाकुंभ तक का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार ने उन कामों को भी पूरा किया जिन्हें कभी केवल कल्पना माना जाता था। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि विवाद समाप्त हुआ और आज वहां भव्य राम मंदिर बन चुका है। इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम और विंध्य धाम का भी निर्माण कराया गया।

उन्होंने कहा कि कुंभ की परंपरा हजारों वर्षों पुरानी है, लेकिन पहली बार दिव्य, भव्य, स्वच्छ और स्मार्ट कुंभ का आयोजन बीजेपी सरकार में हुआ. योगी ने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों में कुंभ भगदड़, अव्यवस्था और गंदगी का प्रतीक बन गया था।

उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक दल से ऊपर देश को रखा और हर घर पर पार्टी का झंडा लगाने के बजाय तिरंगा फहराने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों को भी इस भावना से प्रेरणा लेनी चाहिए।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय को किया याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनसंघ की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि 1951 में कांग्रेस की तुष्टिकरण वाली नीतियों के विरोध में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने कश्मीर में अलग व्यवस्था का विरोध किया और "एक देश में दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे" का नारा दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना।

योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास की चिंता करते हुए अंत्योदय का विचार दिया और आर्थिक नीतियों को उसी आधार पर बनाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान भारतीय जनसंघ के एक लाख से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया था. लोकतंत्र बचाने के लिए 1977 में जनसंघ का जनता पार्टी में विलय किया गया, लेकिन वह सरकार ज्यादा समय तक नहीं चल सकी. इसके बाद 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई।

उन्होंने कहा कि 1996 में बीजेपी की सरकार भले ही 13 दिन चली, लेकिन 1998 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राजनीतिक स्थिरता का दौर देखने को मिला। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं के नेतृत्व में बीजेपी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

कोरोना काल में BJP कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना महामारी के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि जब दूसरे दलों के लोग घरों में थे, तब बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर लोगों तक राहत पहुंचाने का काम कर रहे थे. उन्होंने कहा कि संकट के समय ही मित्र और शत्रु की पहचान होती है और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमेशा समाज को प्राथमिकता दी है।

प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उसका अवलोकन भी किया. प्रदर्शनी में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और गोरखपुर में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया गया था।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की, जबकि आभार ज्ञापन नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने दिया. कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रमेश सिंह, त्र्यम्बक नाथ त्रिपाठी, पूर्व एमएलसी विनोद पांडेय, अच्युतानंद शाही, पुष्पदंत जैन सहित बीजेपी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।