Headlines
Loading...
Buiscuit Export : बनारस की कंपनी ने कर दिया कमाल, 40 टन बिस्‍कुट का मिला ऑर्डर, सीधे जाएगा ओमान...

Buiscuit Export : बनारस की कंपनी ने कर दिया कमाल, 40 टन बिस्‍कुट का मिला ऑर्डर, सीधे जाएगा ओमान...

वाराणसी/नईदिल्‍ली न्यूज। बनारस में उत्‍पादन करने वाली भारतीय बिस्‍कुट कंपनी ने कमाल कर दिया है। इस बिस्‍कुट कंपनी को 40 टन माल के निर्यात का ऑर्डर मिला है। वाणिज्‍य मंत्रालय ने बताया कि ओमान के साथ मुक्‍त व्‍यापार समझौता लागू होने के बाद कंपनी को यह बड़ा ऑर्डर मिला है।

मंत्रालय ने बताया कि वाराणसी की एक कंपनी द्वारा बनाए गए 40 टन बिस्किट ओमान भेजा जा रहा है। यह कदम ओमान में प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स के बढ़ते एक्सपोर्ट की संभावना को दिखाता है। यह खेप वाराणसी से शुरू होकर कस्टम क्लियरेंस के लिए कानपुर के इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) जाएगी, फिर मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (जेएनपीटी) से ओमान के लिए रवाना होगी.

बनारस के करखियान फूड पार्क में स्थित यह कंपनी पहले भी भारत के बाद अपने प्रोडक्‍ट का निर्यात करती रही है. देश के भीतर ही इस कंपनी के प्रोडक्‍ट को काफी पसंद किया जाता है. इस देसी कंपनी ने पिछले साल शारजाह में अपने बिस्‍कुट को लॉन्‍च किया था और तभी से वहां के बाजार में इसकी डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है. इस नए ऑर्डर के साथ कंपनी का कारोबार को बढ़ा ही है, ओमान के साथ भारत के रिश्‍तों में भी मजबूती का संकेत मिल रहा है।

क्‍या है इस कंपनी का नाम

इस भारतीय कंपनी का नाम है श्री तिरुपति बालाजी इंडस्‍ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, जो अनमोल ब्रांड के तहत अपने प्रोडक्‍ट बनाती है. कंपनी के ज्‍यादातर प्रोडक्‍ट ग्‍लूकोज, मिल्‍क प्‍लस, डायजेस्टिव वैरिएंट और कुकीज सेक्‍शन में आते हैं. ओमान के साथ भारत का एफटीए होने के बाद इस प्रोडक्‍ट को बिना किसी शुल्‍क के वहां के बाजार में एंट्री मिलेगी. यही वजह है कि ओमान के बाजार में इसकी डिमांड अचानक काफी बढ़ गई है. अनमोल ब्रांड के क्रीम बिस्‍कुट भी काफी लोकप्रिय हैं. अब इस बिस्‍कुट का स्‍वाद ओमान के लोगों को भी मिल सकेगा.

बिस्‍कुट निर्यात में बढ़ रहा यूपी का दबदबा

कॉमर्शियल इंटेलीजेंस एंड स्‍टैटिसटिक्‍स महानिदेशालय के अनुसार, देश के बिस्‍कुट निर्यात में यूपी का दबदबा लगातार बढ़ रहा है. वित्‍तवर्ष 2025-26 में देश का कुल बिस्‍कुट निर्यात 3,642 करोड़ रुपये रहा था, जिसमें 33 करोड़ का निर्यात यूपी से किया गया. सिर्फ ओमान को ही भारत से कुल बिस्‍कुट निर्यात 52.33 करोड़ रुपये का रहा है, जिसमें यूपी की हिस्‍सेदारी महज 27 लाख रुपये की थी. लेकिन, हालिया ऑर्डर मिलने के बाद यूपी का दबदबा ओमान के बाजार में बढ़ने का अनुमान है।

कैसे खुला दुनिया का बाजार

कंपनी के निदेशक प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि योगी सरकार की उद्योग बढ़ाने की नीति ने देसी प्रोडक्‍ट को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने में काफी मदद की है. कंपनी ने पिछले कुछ समय से देसी और विदेशी ट्रेड फेयर में भी भाग लिया, जिसका फायदा उसे देश के बाहर बाजार बनाने में मिला. ट्रेड फेयर के दौरान विदेशी खरीदारों के संपर्क में आए और वहां से नए कारोबार का रास्‍ता भी खुला।