गजब की लापरवाही.. जिंदा भाई को कागजों में मार डाला, फिर मृतक के नाम पर चढ़ा दी जमीन, DM ने लेखपाल को लगाई फटकार...
Ballia News: बलिया जिले के बिल्थरा रोड तहसील क्षेत्र में एक जीवित व्यक्ति को राजस्व अभिलेख में कथित तौर पर मृत घोषित करने का एक मामला सामने आया है। प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
बिल्थरा रोड तहसील के उप जिलाधिकारी (SDM) शरद चौधरी ने बताया कि तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील क्षेत्र के सरया गांव निवासी चंद्रशेखर ने उपस्थित होकर शिकायत की कि खतौनी में उसे मृत घोषित करके उसके स्थान पर अरविंद नामक व्यक्ति का नाम दर्ज कर दिया गया है। उसने यह भी जानकारी दी कि अरविंद की भी मृत्यु हो चुकी है।
'लापरवाही हुई तो अधिकारियों पर होगी कठोर कार्रवाई' जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लिया और संबंधित लेखपाल को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल खतौनी में चंद्रशेखर का नाम दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने साथ ही चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी राजस्व कर्मी पहले से ही सस्पेंड
एसडीएम चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ है कि श्याम सुंदर, चंद्रशेखर और राजेंद्र 3 भाई थे, जिसमें राजेंद्र की 8 साल पहले वर्ष 2018 में मृत्यु हो गई और वर्ष 2021 में राजस्व कर्मी की लापरवाही के कारण चंद्रशेखर को राजस्व अभिलेख में नामान्तरण के दौरान मृत दिखा दिया गया था। उन्होंने बताया कि राजस्व अभिलेख में त्रुटि को दुरुस्त करने की कार्रवाई की जा रही है और शीघ्र अभिलेख में चंद्रशेखर का नाम दर्ज कर दिया जाएगा। चौधरी ने जानकारी दी कि लापरवाह राजस्व कर्मी आलोक पांडेय पहले से ही एक अन्य मामले में निलम्बित है।