Headlines
Loading...
चंदौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में GTR ब्रिज पर कार खड़ी कर लगाया जाम, वाराणसी के दो युवक गिरफ्तार...

चंदौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में GTR ब्रिज पर कार खड़ी कर लगाया जाम, वाराणसी के दो युवक गिरफ्तार...

पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल जीटीआर ब्रिज पर सोमवार सुबह एक कार सड़क के बीच खड़ी कर दिए जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कार्यालय, न्यायालय, फैक्ट्रियों व अन्य कार्यस्थलों की ओर जा रहे सैकड़ों लोग जाम में फंस गए।

तेज धूप के बीच ब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जीटीआर ब्रिज पर एक कार खड़ी मिली, जबकि उसका चालक वहां मौजूद नहीं था। पहले लोगों ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ ही मिनटों में यातायात का दबाव बढ़ने से हालात बिगड़ गए।

पुल पर आवागमन प्रभावित होने लगा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और अधिवक्ताओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ी। इसी दौरान अधिवक्ता संतोष पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर प्रसारित किया और सड़क पर वाहन खड़ा कर सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने पर नाराजगी जताई। वीडियो में उन्होंने कहा कि जाम के कारण न्यायालय पहुंचने में देरी हो रही है तथा आम नागरिक भी बेवजह परेशान हो रहे हैं।

मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। जांच में वाहन स्वामी की पहचान वाराणसी के राजघाट निवासी तालिब खान पुत्र अनीब खान के रूप में हुई। पुलिस ने राजीव पुत्र युधिष्ठिर, निवासी कोलकाता को भी मामले में हिरासत में लिया। दोनों आरोपितों के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।

बाद में उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने जाम का कारण बनी कार (यूपी-65 आरटी-0221) को भी सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद यातायात सामान्य कराया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। जीटीआर ब्रिज पहले से ही यातायात दबाव झेल रहा है। ऐसे में सड़क पर वाहन खड़ा कर देने जैसी लापरवाही से बड़ी दुर्घटना या गंभीर अव्यवस्था पैदा हो सकती है।

लोगों ने पुलिस और प्रशासन से व्यस्त मार्गों पर निगरानी बढ़ाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बाधित यातायात को सामान्य कराया गया। कार हटते ही धीरे-धीरे वाहनों की कतार समाप्त हुई और आवागमन सुचारु हो सका। अधिकारियों ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।