वैभव सूर्यवंशी पर लग सकता है बैन, श्रीलंकाई खिलाड़ियों से धक्का-मुक्की करने पर ICC ले सकता है ये फैसला...
नई दिल्ली: आयरलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज से पहले श्रीलंका गए 15 साल के बल्लेबाजी वैभव सूर्यवंशी एक बड़ी मुसीबत में फंसते नजर आ रहे हैं। आईपीएल 2026 के रिकॉर्डतोड़ सीजन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाने वाले इस युवा खिलाड़ी ने सोमवार को मैदान पर अपनी छवि के विपरीत बेहद आक्रामक और गैर-जिम्मेदाराना बर्ताव किया। श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद वैभव सूर्यवंशी विरोधी टीम के खिलाड़ी के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की में शामिल पाए गए। इस घटना के बाद अब उन पर आईसीसी की आचार संहिता के तहत कड़े एक्शन और बैन का खतरा मंडरा रहा है।
मैदान पर क्या हुआ? क्यों भड़के वैभव सूर्यवंशी?
ट्राई-सीरीज के इस बेहद रोमांचक मुकाबले में इंडिया ए को सुपर ओवर में जीत के लिए 17 रनों की दरकार थी। लेकिन श्रीलंकाई मलिंगा-स्टाइल गेंदबाज कुघातास मथुलन के सामने भारतीय टीम 9 रन ही बना सकी और मैच हार गई। वैभव को पहली गेंद पर स्ट्राइक नहीं मिली, उन्होंने कुल 3 गेंदें खेलीं और एक चौके की मदद से 6 रन बनाए, जो टीम को जिताने के लिए नाकाफी थे।
जैसे ही मैच खत्म हुआ, श्रीलंकाई टीम ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जब वैभव सूर्यवंशी और उनके साथी बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे वापस लौट रहे थे, तभी मथुलन की तरफ से की गई किसी टिप्पणी ने वैभव को आगबबूला कर दिया। टेलीविजन फुटेज में साफ देखा गया कि गुस्से से तमतमाए वैभव ने एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को सरेआम धक्का दे दिया, जिसके बाद वह खिलाड़ी भी वैभव की तरफ बढ़ा। हालात बिगड़ते देख श्रीलंका के सीनियर खिलाड़ी निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव किया और मामले को शांत कराया। पवेलियन लौटते समय भी वैभव लगातार श्रीलंकाई खिलाड़ियों की तरफ इशारे और बहस करते दिखे।
मैच में दूसरी बार की अनुशासनहीनता
वैभव इस मैच में सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि दो बार अंपायर्स या विरोधी टीम से उलझे। इससे पहले, जब श्रीलंका की सुपर ओवर पारी की आखिरी गेंद को थर्ड अंपायर ने नो-बॉल करार दिया था, तो कप्तान तिलक वर्मा अंपायर से बहस कर रहे थे। उस समय डगआउट में पैड पहनकर बैठे वैभव भी बिना वजह बीच में कूद पड़े और अंपायर से बहस करने लगे, जिसके बाद मुख्य कोच ऋषिकेश कानितकर को खुद आगे आकर वैभव को पीछे खींचना पड़ा।
विराट कोहली जैसा मिल सकता है दंड, जानिए क्या कहता है ICC का नियम?
भले ही मैच रेफरी प्रदीप जयप्रगाश ने अभी तक किसी आधिकारिक सजा का ऐलान नहीं किया है, लेकिन वैभव पर भारी जुर्माना या बैन लगना तय माना जा रहा है। साल 2024 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के एक टेस्ट मैच के दौरान विराट कोहली को भी विरोधी खिलाड़ी से कंधे से कंधा टकराने और बहस करने के कारण लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था। तब कोहली पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगा था और 1 डिमेरिट पॉइंट दिया गया था। वैभव का मामला शारीरिक हाथापाई का है, इसलिए उनकी सजा बड़ी हो सकती है।
क्या कहता है आईसीसी का नियम 2.12?
आईसीसी आचार संहिता का अनुच्छेद 2.12 पूरी तरह से इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर या मैच रेफरी के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है। नियम के मुताबिक, क्रिकेट में किसी भी तरह का जानबूझकर या लापरवाही से किया गया शारीरिक संपर्क पूरी तरह प्रतिबंधित है। खिलाड़ी को दोषी मानते समय यह देखा जाता है कि धक्का जानबूझकर दिया गया या टाला जा सकता था। धक्के में कितनी ताकत का इस्तेमाल हुआ और क्या सामने वाले को कोई चोट आई। सीनियर टीम के आयरलैंड दौरे से ठीक पहले वैभव सूर्यवंशी का यह बर्ताव BCCI के चयनकर्ताओं को भी खटक सकता है, क्योंकि मैदान पर इस तरह की अनुशासनहीनता को बोर्ड कभी बर्दाश्त नहीं करता।