Jaipur JDA Bulldozer Action Live: आज सुबह से नूरानी मस्जिद सहित पांच धार्मिक स्थलों पर चल रहा बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात...
Jaipur JDA Encroachment Action Live Update: जयपुर के मालवीय नगर स्थित नंदपुरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार सुबह एक बहुत बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा सड़क सीमा में आ रहे विभिन्न अतिक्रमणों को हटाने का अभियान भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शुरू किया गया है। मौके पर कई जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध ढांचों को ढहाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इस संवेदनशील कार्रवाई के दौरान जेडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर खुद मौजूद रहकर स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
जेडीए अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार जगतपुरा को जवाहर सर्किल से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को 80 फीट चौड़ा किए जाने की महत्वपूर्ण योजना है। इस सड़क सीमा के भीतर कई बड़े निर्माण आ रहे थे, जिन्हें हटाया जाना बेहद जरूरी था। इस कार्रवाई के तहत सड़क सीमा में आ रहे एक मस्जिद, एक मजार, एक सत्संग भवन और दो मंदिरों के ढांचे को हटाने का काम किया जा रहा है। धार्मिक संवेदनशीलता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रविवार देर रात से ही पूरे नंदपुरी क्षेत्र में एहतियातन मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई थी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जयपुर के मालवीय नगर में जेडीए द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेजी से जारी है, जिसके चलते पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और किसी के भी प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर वहाँ रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है। पुलिस के जवानों को भवनों की छतों पर तैनात किया गया है और पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। जेडीए की इस कार्रवाई के तहत अब से कुछ ही देर में दो मंदिरों, एक मस्जिद और एक मजार को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाएगा।
जयपुर मालवीय नगर में नूरानी मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी
जयपुर के मालवीय नगर (नंदपुरी) में सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए जेडीए ने नूरानी मस्जिद सहित पांच धार्मिक स्थलों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया है। मुस्लिम समाज ने बैठक कर मस्जिद हटाने से इनकार कर दिया है, जबकि दो हिंदू धार्मिक स्थलों को प्रबंधकों ने स्वतः ही हटा लिया है। जेडीए ने चेतावनी दी है कि खुद अतिक्रमण न हटाने वालों पर बलपूर्वक बुलडोजर चलाया जाएगा. क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर धारा 163 लागू की गई है और भारी पुलिस जाब्ता तैनात है।
जयपुर में 24 घंटे के लिए बढ़ाई गई इंटरनेट बंदी
जेडीए की इस बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के मद्देनजर राजधानी जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। संभागीय आयुक्त वी. सरवण कुमार ने एक संशोधित आदेश जारी करते हुए जयपुर में इंटरनेट बंदी की अवधि को आगामी 24 घंटे के लिए और बढ़ा दिया है। अब जयपुर में 8 जून रात 12 बजे से लेकर 9 जून रात 12 बजे तक नेटबंदी पूरी तरह लागू रहेगी।
प्रशासन के इस फैसले के बाद जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व के अधिकांश थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी. इस दौरान 2G, 3G, 4G, और 5G मोबाइल डेटा के साथ-साथ सभी सोशल मीडिया सेवाओं पर पूर्ण रोक रहेगी।
व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम सहित अन्य सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म इस आदेश से प्रभावित रहेंगे. प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय इलाके में कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
ड्रोन कैमरों से निगरानी और धारा 163 लागू
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों, आरएसी (RAC) के जवानों और उच्च अधिकारियों की तैनाती की गई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, जबकि आसमान से ड्रोन कैमरों और सड़कों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
इसके साथ ही क्षेत्र में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसके तहत पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्रित होने, किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस या प्रदर्शन करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने साफ किया है कि भड़काऊ गतिविधि या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।