Bihar News
'PM मोदी कहेंगे तो दान कर देंगे 11 करोड़ का सोना', बिहार के 'गोल्डमैन' का सबसे बड़ा ऐलान '
पटना । न्यूजडेस्क । बिहार के 'गोल्डमैन' के नाम से मशहूर प्रेम सिंह इन दिनों देश भर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। उनके शरीर पर लदे सोने को देखकर हर कोई हैरान रह जाता है, लेकिन इस बार वह अपने एक बेहद चौंकाने वाले और बड़े ऐलान को लेकर सुर्खियों में हैं।
प्रेम सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक आह्वान पर वह अपने शरीर का सारा सोना देश के लिए दान करने को तैयार हैं।
आमतौर पर सोने के शौकीन हर मौके पर नया सोना खरीदने का बहाना ढूंढते हैं, लेकिन बिहार के गोल्डमैन ने अब सोना खरीदना बिल्कुल बंद कर दिया है। प्रेम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील की थी। पीएम की इसी बात का मान रखते हुए उन्होंने सोने की नई खरीदारी पर पूरी तरह रोक लगा दी है। उन्होंने आगे कहा कि अगर देश और राज्य के हित के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनसे कहेंगे, तो वह अपने शरीर पर मौजूद करोड़ों रुपये का सारा सोना तुरंत दान कर देंगे।
प्रेम सिंह ने अपने सोने के कलेक्शन के बारे में बात करते हुए बताया कि वह हर वक्त अपने शरीर पर 6 किलो 300 ग्राम (6.3 किलो) सोना धारण किए रहते हैं। आज के समय में इस 6.3 किलो सोने की बाजार कीमत 11 करोड़ रुपये से भी कहीं ज्यादा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि प्रेम सिंह इतने भारी-भरकम सोने को तिजोरी में रखने के बजाय हर दिन अपने शरीर पर पहनकर ही घूमते हैं। वह कहीं भी आते-जाते हैं, तो यह सोना हमेशा उनके साथ रहता है।
करोड़ों का सोना पहनने वाले प्रेम सिंह बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वासुदेवपुर गांव के निवासी हैं। 48 साल के हो चुके प्रेम सिंह का कहना है कि उनके लिए देशहित से बढ़कर इस दुनिया में कुछ भी नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने देश के अन्य लोगों से भी एक खास अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को पीएम मोदी की बात माननी चाहिए और देश की आर्थिक मजबूती के लिए कम से कम एक साल तक सोना खरीदने से बचना चाहिए।
जब प्रेम सिंह से पूछा गया कि उन्हें सोना पहनने और खरीदने का यह अनोखा शौक कब से लगा, तो उन्होंने बताया कि वह पिछले 17 सालों से लगातार सोने के गहने खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शुरुआत की थी, तब सोने की कीमत आज जितनी आसमान पर नहीं थी। लगभग 12 साल तक लगातार सोना खरीदने के बाद जब उनकी उम्र 31 साल हुई, तब उन्होंने इसे पहनकर बाहर निकलना शुरू किया। प्रेम सिंह ने बताया कि जब बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने, तब राज्य में कानून-व्यवस्था सुधरी और सोना लूटने का खतरा कम हुआ, जिसके बाद ही वह सोने की चेन और अंगूठियां पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने लगे।
बिहार के गोल्डमैन का गेटअप किसी को भी चौंका सकता है। प्रेम सिंह ने बताया कि वह अपने शरीर पर हमेशा सोने की 38 भारी-भरकम चेन, हाथों में 10 सोने की अंगूठियां, 3 ब्रेसलेट और सोने की प्लेट पर विशेष रूप से लिखवाई गई 'गोल्डमैन ऑफ बिहार' की एक पट्टी पहनते हैं। इन सारे गहनों को सहेजकर शरीर पर पहनने में उन्हें एक घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता है, जबकि इन सभी गहनों को शरीर से उतारने में भी पूरा एक घंटा लगता है।