Headlines
Loading...
लखनऊ में RSS कार्यालय पर सुरक्षा बढ़ी, रांची में पकड़ाए आतंकियों के खुलासे से खलबली...

लखनऊ में RSS कार्यालय पर सुरक्षा बढ़ी, रांची में पकड़ाए आतंकियों के खुलासे से खलबली...

लखनऊ ब्यूरो। राँची में पकड़े गए आतंकियों से हुए खुलासे के बाद लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस की गश्त और सतर्कता और बढ़ा दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी पुलिस का मूवमेंट बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। 

झारखंड की राजधानी रांची में आरएसएस के प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम से ब्लास्ट के मामले में गिरफ्तार आतंकी अमन और सैफ ने खुलासा किया है कि उनके निशाने पर लखनऊ के राजेंद्र नगर का संघ कार्यालय (भारती भवन) भी था। पिछले कुछ दिनों में यूपी के अलग अलग जिलों से 15 ऐसे संदिग्धों को गिरफ्तार किया है जो पाकिस्तान हैंडलर शहबाज आलम उर्फ भट्टी के संपर्क में थे।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि संघ कार्यालय पर सुरक्षा पहले से भी है। राजेंद्र नगर भारती भवन में शनिवार शाम 6:30 बजे गेट पर ही सिपाही सिपाही विरेंद्र और अश्वनी राठौर खड़े थे। कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति की सघन चेकिंग हो रही थी। हर व्यक्ति को यहां पर लगे मेटल डिटेक्टर डोर के नीचे से गुजरने के आदेश थे। इसके अलावा सीसी कैमरे के माध्यम से रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही थी।

पाकिस्तानी हैंडलर ने दिया था टास्क

रांची में गिरफ्तार आतंकी अमन और सैफ ने पुलिस की पूछताछ में कई चौकाने वाले खुलासे किए थे। दोनों ने बताया था कि वह पाकिस्तानी हैंडलर शहबाज आलम उर्फ भट्टी और दुबई में बैठे आवेश उर्फ राणा ने उन्हें रांची के बाद लखनऊ और कानपुर के आरएसएस कार्यालय में विस्फोट का टॉस्क दिया था। वीडियो कॉल के माध्यम से भट्टी और राणा ने यह निर्देश उन्हें दिया था। 17 जून को रांची में धमाके के बाद उन्हें ट्रेन से लखनऊ और कानपुर के लिए निकलना था। भट्टी और राणा ने उन्हें संघ कार्यालय की लोकेशन व फोटो भी दोनों को भेजी थी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार के अनुसार दोनों आतंकियों के पकड़े जाने के बाद रांची पुलिस से संपर्क कर इनपुट लिया गया है। संघ कार्यालय के साथ ही सभी संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर है। सुरक्षा के संबंध में बैठक कर अहम निर्देश भी दिए गए हैं। सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों को लगाया गया है।

होटल में मिल रही थी ट्रेनिंग

रांची के एक होटल के कमरा नंबर 202 में बैठकर तबाही की स्क्रिप्ट लिखी जा रही थी। मुख्य आरोपी अमन अंसारी ने खुलासा किया है कि 16 जून की शाम को तीनों आरोपी टुकटुक (ऑटो) से रांची के लेक रोड पहुंचे। वहां एक दुकान से खाली बोतलें, 130 रुपये का पेट्रोल, लड्डू का धागा (फीता) और एक झोला खरीदा। कांटा टोली स्थित रॉयल इन होटल पहुंचे और अपने असली आधार कार्ड देकर कमरा नंबर 202 बुक किया। रात करीब 9 बजे राणा और शाहबाज भट्टी ने उन्हें व्हाट्सऐप वीडियो कॉल किया और लाइव ट्रेनिंग देते हुए बताया कि बोतलों और पेट्रोल का इस्तेमाल कर पेट्रोल बम कैसे तैयार करना है।