Today Samastipur Road Accident: बेकाबू हाइवा ने ऑटो व बाइक को रौंदा, भाजपा नेता समेत तीन की मौत, दर्जनभर घायल...
Today Samastipur Road Accident: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाली सिंघियाघाट-बेगूसराय मुख्य सड़क पर गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां खोकसाहा-खदियाही चौक के बीच बसेरा बरगद पेड़ के समीप एक अनियंत्रित हाइवा ने पहले सवारी भरे ऑटो को और फिर बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में भाजपा के पंचायत अध्यक्ष और माकपा नेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंगा स्नान के लिए जा रहे थे ऑटो सवार लोग, रास्ते में आई आफत
मृतकों की पहचान विभूतिपुर पूरब पंचायत के खदियाहीपेठिया निवासी स्व. बंकुल महतो के 60 वर्षीय पुत्र राज कुमार महतो (आदर्श दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति के अध्यक्ष सह भाजपा पंचायत अध्यक्ष), उनकी 45 वर्षीय पत्नी संयोगिता देवी और खानपुर थाना क्षेत्र के अमसौर निवासी माकपा नेता हरेराम साहनी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अमसौर गांव के करीब एक दर्जन लोग ऑटो पर सवार होकर बेगूसराय के झमटिया घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान भाजपा नेता राज कुमार महतो अपनी पत्नी के साथ बाइक से खेत पर जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से जोरदार टक्कर मार दी और फिर बाइक सवार दंपती को भी रौंद दिया।
हाइवा ने ऑटो और बाइक को रौंदा
20 फीट गहरे गड्ढे में गिरा ऑटो, मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सवार लोगों की चीख-पुकार के बीच गाड़ीसड़क किनारे करीब 20 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद हाइवा चालक और ऑटो का ड्राइवर मौके से वाहन लेकर फरार हो गए.सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और 102 एंबुलेंस सेवा को इसकी सूचना दी।
विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की तीन एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार और डॉ. तुषांत ने जांच के बाद राज कुमार महतो और हरेराम साहनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल संयोगिता देवी को सदर अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घायलों का इलाज जारी, फरार हाइवा की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे में ऑटो पर सवार पवित्री देवी, फूलशंकर देवी, तेतरी देवी, गीता देवी, सुधा देवी, अमेरिका देवी, सीता देवी और ममता देवी समेत कई लोग घायल हुए हैं. इनमें गीता देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की मदद से फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
--समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट ।।