UP::नकली गहने रखकर शोरूम से असली जेवर उड़ाती रहीं सेल्स गर्ल्स, ऑडिट में खुला 45 लाख की चोरी का राज, नेपाल में बेचती थी गहने...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शहर के एक बड़े ज्वेलरी शोरूम में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों ने बेहद शातिर तरीके से लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।दोनों महिलाएं धीरे-धीरे शोरूम से असली गहने निकालती रहीं और उनकी जगह नकली जेवर रख देती थीं। लंबे समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब शोरूम का ऑडिट कराया गया तो करीब 45 लाख रुपये से अधिक के गहने गायब मिलने पर मामला सामने आया।
ऑडिट में खुली चोरी की परतें
कैंट थाना क्षेत्र के क्रॉस मॉल रोड स्थित सानवी ज्वेलर्स के मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी दुकान से पिछले कई वर्षों से गहने चोरी हो रहे थे। मार्च 2026 में ऑडिट के दौरान कई गहने गायब मिले और उनकी जगह नकली जेवर रखे पाए गए।
शुरुआत में शोरूम प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
दो महिला कर्मचारियों पर गया शक
जांच के दौरान पुलिस का शक शोरूम में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों पर गया। इनमें राजघाट थाना क्षेत्र के लालडिग्गी निवासी मुस्कान गुप्ता और कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र स्थित शक्तिनगर निवासी नजमा खातून शामिल हैं।मुस्कान पिछले 10 वर्षों से शोरूम में कार्यरत थी, जबकि नजमा करीब ढाई साल से यहां नौकरी कर रही थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
CCTV की कमजोरियों का उठाया फायदा
पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि नौकरी के दौरान उन्हें शोरूम और स्ट्रॉन्ग रूम में लगे CCTV कैमरों की पूरी जानकारी हो गई थी। उन्हें पता था कि कौन-से हिस्से कैमरों की नजर से बाहर हैं।
इसी का फायदा उठाकर वे धीरे-धीरे गहने निकालती रहीं। कई बार वे असली गहनों की जगह बिल्कुल वैसे ही दिखने वाले नकली गहने रख देती थीं। वहीं कुछ गहनों की लटकन तोड़कर उन्हें निकाल लेती थीं, ताकि पहली नजर में चोरी का पता न चल सके।
लग्जरी लाइफस्टाइल से बढ़ा पुलिस का शक
पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों महिलाएं अचानक लग्जरी लाइफस्टाइल जीने लगी थीं। महंगे मोबाइल फोन, ब्रांडेड कपड़े और खर्चीली जीवनशैली ने पुलिस का ध्यान उनकी ओर खींचा।सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और चोरी की पूरी कहानी बता दी।
नेपाल में बेच देती थीं चोरी के गहने
आरोपी महिलाओं ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए गहनों को वे नेपाल में बेच देती थीं। वहां से मिले पैसे से वे नए गहने खरीदतीं और अपनी जरूरतें पूरी करती थीं। इस खुलासे के बाद शोरूम मालिक और वहां काम करने वाले अन्य कर्मचारी भी हैरान रह गए।
नकदी और जेवर बरामद
कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 9.50 लाख रुपये नकद और 15.50 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।