काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का हुआ आज शुभारम्भ; कुलपति ने श्री विश्वनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक...
वाराणसी, न्यूज। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारम्भ सोमवार को विश्वविद्यालय स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक कर विश्वविद्यालय परिवार के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
उनके साथ कुलसचिव राजन श्रीवास्तव, छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह, विभिन्न संस्थानों के निदेशक, संकाय प्रमुख, शिक्षकगण, अधिकारी एवं विश्वविद्यालय के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूजन का आयोजन प्रो. ब्रजभूषण ओझा, मानित व्यवस्थापक, श्री विश्वनाथ मंदिर तथा प्रो. राजा राम शुक्ल, संकाय प्रमुख, संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की परम्परा के अनुसार प्रत्येक नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रारम्भ में कुलपति जी द्वारा श्री विश्वनाथ मंदिर में पूजन किया जाता है। यह परम्परा ज्ञान, शिक्षा, समरसता तथा सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार के कल्याण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
पूजन के उपरान्त कुलपति जी ने नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिए विश्वविद्यालय निरंतर हर संभव प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बने रहेंगे तथा प्रत्येक पहल के केन्द्र में विद्यार्थी हित होना चाहिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक, सहयोगपूर्ण एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशनों एवं अनुसंधान परियोजनाओं को बढ़ावा देने तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान में रोगियों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर चर्चा की।
हाल ही में विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थियों के निधन का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सतत संवाद बनाए रखने तथा उनके समग्र कल्याण के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम का आयोजन छात्र अधिष्ठाता द्वारा किया गया। प्रो. रंजन कुमार सिंह ने स्वागत संबोधन में विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के हित में संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने परिवहन सुविधा, खेल अवसंरचना तथा मानसिक स्वास्थ्य सहायता सहित विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। अंत में कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए सभी को शुभकामनाएँ दीं।