60 सेकंड में ये बाइक से बन जाएगा रोबोट, जुटा लेगा सारे सबूत, बनारस के 'रोबो कॉप' से थर-थर कांपेंगे अब अपराधी...
वाराणसी, न्यूज। धर्म नगरी वाराणसी के एक नौजवान ने फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में विलक्षण व नायाब एक रोबोट बनाया है। यह रोबोट एक मिनट में बाइक बन जाता है और अगले एक मिनट में फिर से रोबोट। क्राइम सीन तक खुद पहुंचने की क्षमता रखने वाला ये रोबोट न केवल जुर्म से जुड़े सबूत जुटाता है बल्कि उन्हें बेहतरीन तरीके से विवेचना में मदद के लिए सुरक्षित भी रखता है।
तस्वीरों में दिखने वाले इस नौजवान का नाम है प्रीतम शर्मा.. बीएससी फॉरेंसिक के स्टूडेंट हैं।
5 महीने की कड़ी मेहनत के बाद देसी जुगाड़ से उन्होंने यह रोबोट तैयार किया है। जिसमें करीब डेढ़ लाख का खर्च आया है। इस रोबोट में कई नायाब फीचर्स है। मसलन यह खुद क्राइम सीन तक पहुंच सकता है। अगर कोई अपराधी घटना करके भाग रहा है तो इसमें लगे डिस्प्ले और ड्रोन कैमरे की मदद से उसको पकड़ने में अब आसानी होगी।
क्राइम सीन से ब्लड, हेयर सैंपल हो या दूसरे अन्य सबूतों को जुटाकर एक बॉक्स में रखने की भी सुविधा भी इस रोबोट में है। इसके लिए एक निश्चित तापमान भी सेट किया गया है ताकि सबूत खराब ना हो। अगर बेकाबू भीड़ द्वारा रोबोट को जलाने की कोशिश भी की गई तो सेंसर और गैस की मदद से उसे नाकाम किया जा सकता है। प्रीतम इससे पहले भी बच्चों को पढ़ाई में मदद करने वाला एजुकेशनल रोबोट और नर्सिंग रोबोट भी बना चुके हैं।
अब उनके नए रोबोट के जरिये पुलिस जांच को तेज और सुरक्षित बनाने का दावा किया जा रहा है। प्रीतम की ओर से दावा किया जा रहा है कि डिजिटल एफआईआर, रिकार्ड मैनेजमेंट, सबूत जुटाने कैमरा और क्राइम सीन का डिजिटल कागजी जरूरत पूरी करने की सुविधा है।