Headlines
Loading...
दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह तेज रफ्तार से आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, 8हुए घायलों का इलाज जारी...

दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह तेज रफ्तार से आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, 8हुए घायलों का इलाज जारी...

तालग्राम, न्यूज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में बस चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक स्टेयरिंग में फंस गया। करीब आधे घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद क्रेन और हाइड्रा की मदद से उसे बाहर निकाला गया। 
सभी घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। नई दिल्ली की लक्ष्मी हॉलीडेज कंपनी की बस शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे दिल्ली से लगभग 45 यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही थी।

बस जैसे ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 172 पर तालग्राम टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मेरठ के निशानी गेट, समर कॉलोनी निवासी इंतजार पुत्र इस्लाम स्टेयरिंग में फंस गया। 

सूचना मिलते ही थाना तालग्राम पुलिस, पीआरवी-112, यूपीडा की सुरक्षा टीम, एंबुलेंस तथा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और एसएसआई संतोष कुमार चंदेल मौके पर पहुंच गए। क्रेन और हाइड्रा की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। 

हादसे में संतकबीरनगर जिले के थाना दुधारा क्षेत्र के गांव बूढ़ी बलार निवासी हनुमान यादव पुत्र रामफेर, उनकी पत्नी सुनीता, पुत्र शिवम व ऋतिक, गोरखपुर के एम्स क्षेत्र निवासी अभिषेक पुत्र दशरथ पासवान, गोरखपुर के चिताकाल निवासी सौभाग्य पुत्र नीरज कुमार पांडेय तथा तमिलनाडु के सेलम निवासी गोकुल पुत्र लोकनादन घायल हो गए। सभी घायलों को यूपीडा एवं 108 एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। बाद में क्रेन से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर एक्सप्रेसवे के किनारे कराया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। 

थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।