हत्या का खुलासा : पहले पति से तलाक, दूसरे से भी अलग रहकर तीसरे के साथ लिव इन में रहने लगी महिला, पति ने कर दी प्रेमी की हत्या...
फरीदाबाद: सेक्टर 58 थानाक्षेत्र के राजीव कॉलोनी में छत पर सो रहे 26 वर्षीय युवक विपिन यादव के सिर में लगी गोली की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है साथ ही गोली मारने वाले आरोपी 28 साल के विजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार विजय महिला का पति है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने पत्नी को पार्टनर विपिन यादव के साथ रहने से मना किया था। लेकिन पत्नी विपिन के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। आरोपी ने घटना वाली रात दोनों को गोली मारने की योजना बनाई थी। लेकिन रात में पत्नी के कमरे में सोने के कारण वह बच गई। आरोपी विजय महिला का दूसरा पति है। लेकिन महिला उसे छोड़कर पार्टनर विपिन के साथ दो तीन साल से रह रही थी। आरोपी ने पत्नी के पार्टनर को भी समझाया था लेकिन वह भी नहीं मान रहा था।अभी वह अविवाहित था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
ये है पूरा मामला
बता दें कि 30 जून की रात को राजीव कॉलोनी स्थित किराए के मकान की छत पर सो रहे विपिन यादव (26) निवासी विनायकपुर जिला मैनपुरी उत्तर प्रदेश के सिर में गोली मार दी गई थी। घटनाक्रम बारे जिला मैनपुरी उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला ने अपने पति विजय यादव पर गोली मारने का आरोप लगाया था। जिसकी शिकायत पर थाना सेक्टर 58 में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। 2 जुलाई की रात को विपिन की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर दिल्ली में मृत्यु हो गई, जिस पर हत्या की धारा मामले में जोड़ी गई है।
ऐसे हुई आरोपी की गिरफ्तारी
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि आरोपी विजय यादव पत्नी केपार्टनर विपिन को गोली मारने के बाद फरार हो गया था। शुक्रवार के शाम वह कॉलोनी में पता करने आया था कि विपिन की मौत हो गई या नहीं। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच 56 प्रभारी नरेश कुमार की ने आरोपी को जेसीबी चौक से गिरफ्तार कर लिया। वह मूलरूप से नंगला पीपल जिला मैनपुरी हाल जसवंत नगर मोहल्ला जिला इटावा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह चिकन की दुकान करता है।
पुलिस जांच में ये आया सामने
एसीपी क्राइम ने बताया कि जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता महिला अपने पहले पहले पति को छोड़कर करीब 7-8 साल से आरोपी विजय के साथ शादी करक रह रही थी। लेकिन पिछले करीब 2-3 साल से पड़ोस के गांव में रहने वाले विपिन यादव के साथ संपर्क में आ गई थी और 2 बार उसके साथ पहले भाग भी चुकी थी, जिस संबंध में पुलिस रिपोर्ट भी हुई थी। जून के पहले सप्ताह में शिकायतकर्ता महिला अपनी भाभी और बहन के पास मिलने के लिए राजीव कॉलोनी फरीदाबाद आई थी। फिर उसने आरोपी पति विजय से कहा कि वह फरीदाबाद ही रहेगी उसके साथ गांव नहीं जाएगी। जिस पर पति ने राजीव कॉलोनी में उसको एक कमरा किराए पर दिला दिया था।
लिव इन पार्टनर भी आ गया था कमरे पर
एसीपी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी जहां पत्नी को कमरा दिलाया था, वहीं पत्नी का पार्टनर विपिन यादव भी आकर रहने लगा था। दोनों पास की एक टिफिन बनाने वाली कंपनी में नौकरी करने लगे थे। आरोपी ने पत्नी को घर चलने के लिए कहा परंतु वह नहीं मानी और कहा कि वह पार्टनर विपिन के साथ ही रहेगी। जिस पर आरोपी ने दोनों को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वह दोनों को छोड़कर गांव चला गया। योजना अनुसार 30 जून वह गांव से हथियार लेकर राजीव कॉलोनी में शिकायतकर्ता के पास आया और खाना खाकर दोनों रात को छत पर सो गए।
इसलिए बच गई पत्नी
उन्होंने बताया कि आरोपी ने रात को ही छत पर सो रहे पत्नी के पार्टनर विपिन यादव को सिर में गोली मार दी। घटना के वक्त शिकायतकर्ता व पत्नी कमरे में सो रही थी। गोली का आवाज सुनकर शिकायतकर्ता व अन्य लोग जाग गये। जिस कारण वह पत्नी को गोली नहीं मार पाया और मौका से भाग गया । जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जिला मैनपुरी निवासी अपने एक जानकार से वारदात में प्रयोग देसी कट्टा व 2 कारतूस 6000 में खरीद कर लाया था, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
12 साल बड़ी है पत्नी
पुलिस जांच में ये भी सामने आया है कि आरोपी विजय की पत्नी उससे करीब 12 साल बड़ी है। पत्नी की पहले एक शादी हो चुकी थी। उससे चार बच्चे हैं। करीब 8 साल पहले विजय से महिला ने दूसरी शादी रचा ली थी। आरोपी से अब एक और बच्चा है। आरोपी पहले अब पांचों बच्चों को खुद पाल रहा था। महिला और दूसरे पति को छोड़कर तीसरे पार्टनर के साथ लिव इन में रहने लगी थी। मृतक विपिन यादव अभी अविवाहित था।