Headlines
Loading...
राजकोट : शराबी, बेरोजगार बेटा रोज करता था कलेश, तंग आकर घर के इकलौते चिराग को माता-पिता ने खुद ही मार डाला...

राजकोट : शराबी, बेरोजगार बेटा रोज करता था कलेश, तंग आकर घर के इकलौते चिराग को माता-पिता ने खुद ही मार डाला...

गुजरात न्यूज, राजकोट : गुजरात के राजकोट में एक 22 साल के युवक की लाश उसके ही घर में मिली। बेरोजगार युवक की मौत के बाद उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। 

मामला आत्महत्या का दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शुरुआत से ही सारा घटनाक्रम आत्महत्या का ही लग रहा था लेकिन बयान दर्ज होने के बाद और जांच आगे जो खुलासा हुआ, वह हैरान कर देनेवाला था। युवक की हत्या उसके ही माता-पिता ने की थी।

घटना गोंडल तालुका के गुंडाला गांव की है। मरने वाले युवक का नाम राम बंभावा था। राम की 20 साल की पत्नी बंसी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर दिया है। FIR के अनुसार घटना 30 जून की है।

5 महीने पहले हुई थी शादी

बंसी ने आरोप लगाया कि उनकी सास मनीषा उर्फ मोती बंभावा (45) ने उसके पति को जबरदस्ती एसिड पिलाया और फिर उसके पिता बाबू उर्फ अतुल बंभावा (47) ने उसका गला घोंट दिया। उसकी शिकायत के आधार पर, गोंडल तालुका पुलिस ने कपल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। FIR के अनुसार, बंसी ने पांच महीने पहले राम से शादी की थी। उसने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर घर आता था और अपने पिता से झगड़ा करता था।

मायके में ही थी पत्नी

29 जून को राम अपनी पत्नी बंसी के साथ उसके मायके गया था, जहां राम के शराब पीने की वजह से उसके पिता के साथ बहस हो गई। इसके बाद उसके पिता ने राम के पिता को फोन करके राम की शिकायत की। उन्होंने राम को तुरंत आकर घर ले जाने को कहा। अगले दिन, जब बंसी अपने माता-पिता के घर पर ही थी, उसे बताया गया कि एसिड पीने से राम की मौत हो गई है।

ससुरालवालों के खुद हत्या की बात बताने का दावा

अंतिम संस्कार के बाद, ससुरालवालों ने उसे बताया कि राम 30 जून को शराब पीकर घर लौटा था और अपने पिता से झगड़ा किया था। झगड़े के दौरान, उसकी मां ने कथित तौर पर जबरदस्ती उसके गले में एसिड डाल दिया। जब वह संघर्ष करने लगा, तो उसके पिता ने उसका मुंह बंद कर दिया और गला घोंट दिया। बंसी ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों ने उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की चेतावनी दी थी और कहा था कि अगर सच सामने आया तो परिवार की बदनामी होगी।

गला घोंटकर हत्या के मिले सबूत

राजकोट के पुलिस अधीक्षक विजय सिंह गुर्जर ने TOI को बताया कि मौत के हालात संदिग्ध लग रहे थे, इसलिए पुलिस ने फ़ोरेंसिक पोस्टमार्टम का आदेश दिया। गुर्जर ने कहा कि जांच में मृतक की गर्दन पर गला घोंटने के निशान मिले और मौत का कारण एसिड पीना नहीं, बल्कि गला घोंटना पाया गया।

मृतक की पत्नी का बयान भी इस बात की पुष्टि करता है। जांच अधिकारी यू. आर. दामोर ने बताया कि आरोपियों को 2 जुलाई को गिरफ्तार किया गया और 3 जुलाई को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एसिड की बोतल, आरोपियों के कपड़े और पीड़ित की उल्टी से सनी चादर जब्त कर ली है।