आस्ट्रेलिया में बनारस के आशुतोष मिश्र से मिले पीएम नरेन्द्र मोदी तो 'हर-हर महादेव' से हुआ अभिवादन...
वाराणसी/ऑस्ट्रेलिया न्यूज। काशी के सांसद पीएम नरेन्द्र मोदी इन दिनों आस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने कई समझौतों के साथ ही भारत आस्ट्रेलिया संबंधों को भी गति दी है।लेकिन, पीएम ने इस दौरान भारतवंशियों से मुलाकात कर भारत आस्ट्रेलिया के मजबूत होते संबंधों को भी खूब सराहा। वहीं इस दौरान आस्ट्रेलिया में ही भारतवंशी और बनारस से आस्ट्रेलिया जा बसे आशुतोष मिश्र से मुलाकात की तो बनारसी मिजाज भी खूब छाया नजर आया।
मीडिया से बात करते हुए आशुतोष मिश्र ने बताया कि पीएम नरेन्द्र मोदी से वह वाराणसी में प्रवासी भारतीय दिवस के दौरान मिल चुके हैं लेकिन काफी करीब से मुलाकात का मौका उनको आस्ट्रेलिया में ही मिल सका।
आगे बताया कि पीएम ने मुलाकात के बाद जब जाना कि वह भी खांटी बनारसी मिजाज वाले हैं तो हर हर महादेव के संबोधन के साथ ही दोनों का अभिवादन हुआ।
काशी के रहने वाले आशुतोष मिश्र इंस्टिटयूट ऑफ आस्ट्रेलिया इंडिया एंगेजमेंट के सीईओ और ऑस्ट्रेलिया व क्वींसलैंड क्रिकेट के बहु सांस्कृतिक विभाग के हेड के तौर पर सेवाएं दे रहे है। वह आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के साथ भी अक्सर नजर आते हैं।
उन्होंने बताया कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पीएम नरेन्द्र मोदी के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज के दौरान उनको भी निमंत्रित किया गया था।
उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री पेनी वांग, अजित डोवाल सहित कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सहित उद्योग जगत के लोग भी इस दौरान मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान उनके हाथ में रुद्राक्ष की माला देखकर हर-हर महादेव का घोष कर आत्मीयता का प्रदर्शन किया। वहीं आशुतोष ने सीईओ फोरम में भी प्रतिभाग किया।
उन्होंने बताया कि यहां पर 25 हजार भारतीय लोगों ने स्टेडियम में भारत माता की जय का नारा लगाया। उन्होंने बताया कि भारत आस्ट्रेलिया का संबंध आने वाले समय में और भी मजबूत होगा। इसमें भारतवंशी भी अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।