Headlines
Loading...
पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद तो दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के सामने कूदी प्रेग्‍नेंट मह‍िला, तीनों की हुई दर्दनाक मौत, आज सुबह की है घटना...

पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद तो दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के सामने कूदी प्रेग्‍नेंट मह‍िला, तीनों की हुई दर्दनाक मौत, आज सुबह की है घटना...

आज यूपी के ललितपुर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। आरोप है क‍ि पुलिस की उदासीनता के चलते एक गर्भवती मां अपने दो मासूम बच्चों को लेकर ट्रेन के सामने कूद गई, जिससे तीनों की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई है। जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं, चौकी इंचार्ज की लापरवाही सामने आने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

पूरा मामला थाना जाखलौन क्षेत्र के द्वारा धोररा गांव का है, जहां रहने वाली 35 वर्षीय दीपा अपने शराबी पति से पीड़ित थी। इसकी शिकायत लेकर सोमवार की सुबह वह अपने तीन बच्चों के साथ चौकी पहुंची। उसने पुलिस से पति की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचने में असमर्थता जताई तो महिला अपने तीनों बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और बीना जंक्शन की ओर जाने वाली ट्रेन के सामने कूद गई। 

35 वर्षीय पीड़ित महिला दीपा यादव, 2 वर्षीय पुत्र कृष, तीन वर्षीय पुत्री शिवानी की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। एक बड़ी बेटी ट्रेन देखकर दूर हट गई, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं, पुलिस अब पूरे मामले की जांच पड़ताल कर घटना की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

चौकी प्रभारी ने कहा- गर्भपात कराना चाहती थी मह‍िला

चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सुबह महिला अपने बच्चों के साथ चौकी आई और अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगी। जब महिला से पिटाई का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह दो माह की गर्भवती है, लेकिन अब वह बच्चा नहीं चाहती है और गर्भपात कराना चाहती है, लेकिन पति ऐसा करने नहीं दे रहा और मारपीट कर रहा है। चौकी इंचार्ज द्वारा महिला को गर्भपात कराना अपराध बताया और उसके साथ घर चलने को कहा, लेकिन थोड़ी ही देर में महिला रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और बच्चों के साथ सुसाइड कर लिया।

सीओ बोले- पत‍ि के शराब पीने से परेशान थी मह‍िला

पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला दीपा अपने पति के शराब पीने से परेशान थी। शराब के नशे में पति बिक्की यादव पत्नी से मारपीट करता था, जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने अपने 2 साल के बेटे और तीन साल की बेटी के साथ ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। 

प्रकरण की जांच पड़ताल जारी..शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बता दें ललितपुर में आत्महत्याओं का शिलशिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में रोजाना 2 से 3 युवक युवतियों द्वारा सुसाइड करने के मामले सामने आ रहे है।