वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में बादलों की कैद में सारा आकाश, बूंदों ने गिराया पानी और पारा...
वाराणसी, न्यूज 19 जुलाई। मौसम का बदला हुआ मिजाज माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने सप्ताह भर के जारी चार्ट में बादलों की आवाजाही और सक्रियता के साथ ही बूंदाबांदी और बरसात के भी संकेत दिए हैं।
वातावरण में नमी का स्तर बढ़ा हुआ है और पूर्वांचल सहित यूपी के कई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही का रुख बना हुआ है। मौसम विभाग ने वातावरण में नमी के साथ ही गरज चमक के साथ बरसात का संकेत देकर बदले मिजाज का संकेत दिया है।
आज रविवार की सुबह बादलों से घिरी रही, दिन चढ़ा तो बूंदाबांदी का दौर भी रहा और उमस से लोगों को पर्याप्त राहत भी मिली। मौसम विभाग ने हालांकि पहले ही मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान जताया था। सुबह से लेकर दोपहर तक रह रह कर हो रही बूंदाबांदी की वजह से तापमान में भी कमी का दौर रहा और लोगों को ठंडक का अहसास भी गर्मी में हुआ।
माना जा रहा है कि अब बादलों की आवाजाही का रुख पूर्वांचल में राहत देगा और उमस में भी कमी आएगी। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 33.4°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26.0°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा।
इस दौरान 000.5mm तक बारिश भी दर्ज की गई। जबकि आर्द्रता का स्तर न्यूनतम 85% और अधिकतम 91% दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही का संकेत दिया है। माना जा रहा है कि इस सप्ताह लोकल हीटिंंग में इजाफा होते ही बादल बूंदाबांदी कराएंगे।