Headlines
Loading...
आज बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ जा रहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जौनपुर जिले में फंसीं, मालगाड़ी का इंजन हो गया था फेल...

आज बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ जा रहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जौनपुर जिले में फंसीं, मालगाड़ी का इंजन हो गया था फेल...

जौनपुर, न्यूज। आज हवाई यात्रा छोड़ ट्रेन से विश्विद्यालयों के दीक्षांत समारोह में पहुंच रहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को जौनपुर में लंबे समय तक फंसी रहीं। वाराणसी से बेगमपुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर लखनऊ के लिए निकलीं, लेकिन जौनपुर में एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। इस कारण उन्हें लगभग 30 मिनट तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। इस दौरान सुरक्षा में लगे कर्मी हलकान दिखाई दिए। हालांकि इंजन फेल होने की सूचना वाराणसी में ही मिल गई थी। वाराणसी में भी ट्रेन को काफी देर तक रोके रखा गया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचाओ अभियान का कुछ खास ही पालन कर रही हैं। प्रदेश में कहीं का भी दौरा हो, वे राजधानी लखनऊ से ट्रेन द्वारा ही यात्रा कर रही हैं। बीते 27 जुलाई को राज्यपाल वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्विद्यालय के दीक्षांत में शामिल हुईं। यहां भी वे ट्रेन से जौनपुर पहुंचीं। वाराणसी जाना हुआ तो भी ट्रेन से रवाना हुईं, लेकिन लौटते समय उनकी यात्रा थोड़ी कठिनाइयों में घिर गई।

बेगमपुरा से रवाना हुईं राज्यपाल

वाराणसी से लखनऊ जाने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बेगमपुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से निकली थीं। ये ट्रेन वाराणसी जंक्शन से प्रतिदिन जम्मूतवी के लिए चलती है। दोपहर 12:40 बजे वाराणसी जंक्शन से ये ट्रेन रवाना होती है, लेकिन बुधवार को ये ट्रेन एक बजे वाराणसी से रवाना हुई।

जौनपुर में मालगाड़ी का इंजन हुआ फेल

रोजाना 12:40 पर वाराणसी से चलने वाली ट्रेन को करीब 20 मिनट लेट किया गया। सूचना मिली थी कि जौनपुर के बक्शा अंतर्गत सरायहरखू स्टेशन के पास एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया है। इस कारण रेल यातयात प्रभावित है। इसके बाद ट्रेन को थोड़ा विलम्ब से जौनपुर की तरफ रवाना किया गया। लगभग 3 बजे ट्रेन जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंची तो भी लाइन क्लियर नहीं हुई थी। इसके बाद ट्रेन को वहीं पर रोक दिया गया।

राज्यपाल की सुरक्षा में हलकान रहे कर्मी

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जैसे ही जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंचीं, उनकी सुरक्षा में लगा दल हलकान हो गया। कोच के अंदर से बाहर तक सुरक्षाकर्मियों ने डेरा डाल दिया। करीब आधे घंटे तक सिटी स्टेशन छावनी की तरह नजर आ रहा था।

आधे घंटे बाद क्लियर हुई लाइन, तब निकलीं राज्यपाल

सरायहरखू के पास मालगाड़ी का इंजन फेल होने के कारण पहले वाराणसी जंक्शन फिर जौनपुर सिटी स्टेशन पर बेगमपुरा सुपरफास्ट ट्रेन को रोका गया। इस दौरान मालगाड़ी को वहां से किसी तरह हटाकर राज्यपाल की ट्रेन को आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती थी। करीब आधे घंटे बाद मालगाड़ी को वहां से रवाना किया गया। इसके बाद राज्यपाल की ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई।