Headlines
Loading...
वाराणसी में फरियादियों की अनदेखी पर हटाए गए चौबेपुर इंस्पेक्टर, सीपी ने कहा- 'करें सुधार, कई थानेदारों पर लटक रही तलवार'...

वाराणसी में फरियादियों की अनदेखी पर हटाए गए चौबेपुर इंस्पेक्टर, सीपी ने कहा- 'करें सुधार, कई थानेदारों पर लटक रही तलवार'...

वाराणसी, न्यूज। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने चौबेपुर के इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। वीरेंद्र कुमार के ऊपर जनता की फरियाद न सुनने का गंभीर आरोप था, जिसके कारण फरियादियों को जेब ढीली कर पुलिस मुख्यालय पहुंचना पड़ता था। सीपी ने कहा सुधार करें, क्योंकि कई थानेदारों के खिलाफ कार्रवाई होना अभी शेष है।

पुलिस कमिश्नर यातायात पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, यातायात प्रबंधन और श्रावण माह की सुरक्षा तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने 'साइबर वज्र' अभियान के तहत प्रत्येक थाना प्रभारी को पिछले छह माह के कम से कम 10 साइबर मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

साथ ही म्यूल अकाउंट और साइबर हाटस्पाट की पहचान कर कानूनी कार्रवाई तथा साइबर जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में विवेचनाओं का 60/90 दिन की समयसीमा से पहले निस्तारण, ई-साक्ष्य (SID) और ई-समन की शत-प्रतिशत कार्रवाई, आदतन अपराधियों पर निगरानी, अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती, स्कूल-कालेजों के आसपास एंटी रोमियो अभियान और नियमित जनसुनवाई पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने आरटीसी (Reducing Traffic Congestion) योजना के तहत चिन्हित प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाकर यातायात सुगम बनाने तथा जेडएफ डी (Zero Fatality District) अभियान के अंतर्गत रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

सावन माह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और गंगा घाटों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी व ड्रोन निगरानी, पुलिस सहायता केंद्र, पिकेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान प्रशासनिक आवश्यकता के तहत चार अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया।

निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर को चौबेपुर से पुलिस लाइन, निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को जंसा से चौबेपुर, उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह को पुलिस आयुक्त कार्यालय के पीआरओ पद से जंसा थानाध्यक्ष तथा उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय को पुलिस लाइन से साइबर क्राइम थाने में नियुक्त किया गया।