आज सुबह वाराणसी में बारिश से बिगड़ी बिजली व्यवस्था,कहीं जंफर उड़े तो कहीं हुआ ड्राप आउट फ्यूज...
वाराणसी, न्यूज। आज हल्की बारिश के कारण सोमवार की सुबह बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खुल गई। मामूली बारिश के साथ ही शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कहीं जंफर उड़ गए तो कहीं डीओ (ड्राप आउट फ्यूज) खराब होने से फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में एक से तीन घंटे तक बिजली गुल रही।
सिगरा, लंका, भोजूबीर, शिवपुर, पहड़िया, लहरतारा, महमूरगंज, सारनाथ, चौबेपुर, चोलापुर और आसपास के इलाकों से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें नियंत्रण कक्ष में लगातार पहुंचती रहीं। बारिश के दौरान बिजली ट्रिप होने और बार-बार आपूर्ति बाधित होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का काम भी प्रभावित हुआ। इसके साथ ही बिजली कर्मियों ने पेट्रोलिंग शुरू कर दी।
बिजली विभाग की टीमें उपकेंद्रों से मौके पर पहुंचीं और जंफर जोड़ने तथा डीओ बदलने का कार्य शुरू किया। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां बिजली लाइनों पर गिरने से भी फाल्ट आए, जिन्हें हटाने के बाद आपूर्ति बहाल की गई।
अधिशासी अभियंता का कहना है कि बारिश और हवा के चलते कुछ स्थानों पर तकनीकी खराबी आई थी। शिकायत मिलते ही मरम्मत के लिए लाइनमैनों को मौके पर भेजा गया। ओवरलोडेड फीडरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और मानसून के दौरान किसी भी फाल्ट को जल्द से जल्द दूर कर बिजली आपूर्ति सामान्य रखने के निर्देश दिए गए हैं।