Headlines
Loading...
वाराणसी में खाकी शर्मसार: थाने आई महिला फरियादी को दरोगा ने जड़े ताबड़तोड़ थप्पड़, वीडियो वायरल होने के बाद DCP ने किया सस्पेंड...

वाराणसी में खाकी शर्मसार: थाने आई महिला फरियादी को दरोगा ने जड़े ताबड़तोड़ थप्पड़, वीडियो वायरल होने के बाद DCP ने किया सस्पेंड...


वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पुलिसिया बर्बरता और संवेदनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। चौबेपुर थाने में न्याय की गुहार लगाने आई एक महिला फरियादी की पुलिस सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) ने बेरहमी से पिटाई कर दी। महिला दरोगा ने आपा खोते हुए फरियादी को महज 8 सेकंड के भीतर 5 थप्पड़ जड़ दिए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद आरोपी महिला दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।


घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला किसी मामले की शिकायत लेकर चौबेपुर थाने पहुंची थी। वहां तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर रोशनी सिंह महिला की बात सुनने और मदद करने के बजाय अचानक भड़क गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, दरोगा रोशनी सिंह ने महिला से कहा, "तुम्हारी रोज-रोज की शिकायत से तंग आ चुकी हूं। आज तेरा इलाज ही कर देती हूं।" इतना कहते ही उन्होंने महिला फरियादी पर हाथ उठा दिया और देखते ही देखते ताबड़तोड़ कई थप्पड़ रसीद कर दिए। थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।


थाने के भीतर हुई इस सरेआम पिटाई का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। खाकी के इस बर्ताव पर जनता और सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

मामला तूल पकड़ते ही वाराणसी के डीसीपी (DCP) प्रमोद कुमार ने मामले का संज्ञान लिया। डीसीपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला दरोगा रोशनी सिंह को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरियादियों के साथ इस तरह का अमर्यादित और हिंसक व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।