"पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा..", पटना में छात्रों के बवाल पर भड़के IPS ने कहा.. लाठीचार्ज के बाद मची अफरा-तफरी...
बिहार, न्यूज पटना। NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली से शुरू हुई विरोध की आग अब बिहार की राजधानी पटना तक पहुंच गई है।बुधवार को वामपंथी छात्र संगठन आईसा (AISA) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने पटना की सड़कों पर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी मैदान से शुरू हुआ यह प्रदर्शन डाकबंगला चौराहे पर पहुंचते-पहुंचते हिंसक संग्राम में बदल गया। इसी दौरान भीड़ के पथराव से घबराकर पीछे हट रहे पुलिसकर्मियों पर भड़के पटना वेस्ट एसपी (IPS) संकेत कुमार की कड़क चेतावनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े आक्रोशित छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र गांधी मैदान से लोक भवन की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। हालांकि, आक्रोशित छात्रों की भीड़ बैरिकेडिंग तोड़कर जबरन आगे बढ़ने लगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समझाने के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसी बीच भीड़ की ओर से पुलिस बल पर अचानक भारी पथराव शुरू हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
"पीछे हटे तो नौकरी लायक नहीं छोड़ूंगा" - IPS संकेत कुमार का कड़ा रुख
डाकबंगला चौराहे पर अचानक हुए पथराव और उग्र भीड़ को देखकर जब कुछ पुलिसकर्मी पीछे हटने लगे, तो मौके पर मोर्चा संभाल रहे 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी व वेस्ट एसपी संकेत कुमार भड़क गए। उन्होंने कड़े और सख्त लहजे में अपने मातहत पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए चिल्लाकर कहा, "अगर पीछे हटे तो नौकरी करने के लायक नहीं छोड़ूंगा।" वेस्ट एसपी के इस सख्त आदेश और कड़े रुख के बाद बैकफुट पर आई पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और दोबारा आगे बढ़कर उग्र प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू किया।
लाठीचार्ज और वॉटर कैनन से खदेड़े गए छात्र, कई घायल
स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस को भारी लाठीचार्ज और वॉटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस बल प्रयोग के बाद चौराहे पर भगदड़ मच गई। पथराव और लाठीचार्ज में कई छात्र तथा कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक नीट परीक्षा रद्द नहीं होगी और शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कौन हैं IPS संकेत कुमार?
2022 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी संकेत कुमार अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। पुलिस सेवा में आने से पहले वह एनआईटी (NIT) पटना के छात्र रहे हैं और इसरो (ISRO) में वैज्ञानिक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पहले वह बिक्रमगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और सारण के एएसपी के रूप में भी कार्यरत रह चुके हैं।