Headlines
Loading...
सरकार का बड़ा फैसला! PPF, सुकन्या और SCSS की ब्याज दरों पर आ गया बड़ा अपडेट, इस स्कीम में सबसे ज्यादा प्रॉफिट...

सरकार का बड़ा फैसला! PPF, सुकन्या और SCSS की ब्याज दरों पर आ गया बड़ा अपडेट, इस स्कीम में सबसे ज्यादा प्रॉफिट...

नईदिल्ली। अगर आप पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS), नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) या पोस्ट ऑफिस की किसी स्मॉल सेविंग्स स्कीम में निवेश करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। 

जी हां, क्योंकि केंद्र सरकार ने जुलाई से सितंबर 2026 (Q2 FY27) तिमाही के लिए सभी स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है, यानी निवेशकों को पहले की तरह ही ब्याज मिलता रहेगा। यह लगातार 9वीं तिमाही है, जब सरकार ने इन योजनाओं की ब्याज दरों को स्थिर रखा है।

सुरक्षित और गारंटीड रिटर्न वालों को राहत

वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (Department of Economic Affairs) ने जारी अधिसूचना में कहा है कि 1 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक सभी स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स पर वही ब्याज दरें लागू रहेंगी, जो 1 अप्रैल से 30 जून 2026 की तिमाही में थीं। इससे उन लाखों निवेशकों को राहत मिलेगी, जो सुरक्षित और गारंटीड रिटर्न के लिए इन सरकारी योजनाओं में पैसा लगाते हैं।

सरकार समय-समय पर इन योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा करती है। इसके लिए सरकारी बॉन्ड की यील्ड, बाजार में ब्याज दरों का स्तर, आर्थिक परिस्थितियां और अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक हालात जैसे कई पहलुओं पर विचार किया जाता है। हालांकि, इस बार सरकार ने किसी भी योजना की ब्याज दर में बदलाव करना उचित नहीं समझा।

किस स्कीम पर सबसे ज्यादा रिटर्न?

इन योजनाओं में सबसे अधिक ब्याज सुकन्या समृद्धि योजना और सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम पर 8.2% की दर से मिल रहा है। वहीं, पीपीएफ जैसी लोकप्रिय योजना पर निवेशकों को 7.1% का सुरक्षित रिटर्न मिलता रहेगा।

कब हुआ था आखिरी बदलाव?

गौर करने वाली बात यह है कि स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में आखिरी बड़ा बदलाव अप्रैल 2024 में किया गया था। उस समय सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दर 8% से बढ़ाकर 8.2% कर दी थी। इसके अलावा तीन वर्ष की पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट की ब्याज दर भी 7% से बढ़ाकर 7.1% कर दी गई थी। इसके बाद से लगातार नौ तिमाहियों तक सरकार ने इन दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।

एक्सपर्ट का मानना है कि शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव के दौर में सरकारी स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स निवेशकों के लिए सुरक्षित विकल्प बनी हुई हैं। इन योजनाओं में सरकार की गारंटी होती है, इसलिए पूंजी सुरक्षित रहती है और निश्चित ब्याज भी मिलता है। कई योजनाओं में आयकर लाभ भी उपलब्ध होता है, जिससे लंबी अवधि के निवेशकों को अतिरिक्त फायदा मिलता है।

अगर आप जोखिम से बचते हुए सुरक्षित निवेश करना चाहते हैं, तो पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजना, एससीएसएस, एनएससी और पोस्ट ऑफिस की अन्य योजनाएं आज भी बेहतर विकल्प मानी जा रही हैं। सरकार द्वारा ब्याज दरें स्थिर रखने का फैसला ऐसे निवेशकों के लिए भरोसा बनाए रखने वाला कदम माना जा रहा है।