UP TET 2026 एग्जाम: महिलाओं के कुंडल-लॉकेट, टब्स तक निकलवाए गए , सघन जांच के बाद मिला प्रवेश, कइयों का तो परीक्षा छूटा...
कानपुर, न्यूज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली तीन दिवसीय उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) के पहले दिन गुरुवार सुबह से कड़ी सख्ती के बीच शुरू हो गई है।
पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का मालरोड स्थित लल्लू प्रसाद इंटर कालेज और कैनाल रोड स्थित जुहारी देवी गर्ल्स कालेज, रावतपुर गांव स्थित श्री रामलला इंटर कालेज सहित शहर में बनाए गए 32 केंद्रों पर सुबह सात बजे से पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ।
14 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को सुबह 08.45 बजे तक कर्मचारियों द्वारा कड़ी तलाशी के बाद केंद्र में प्रवेश दिया गया।
चेकिंग के दौरान परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों ने प्रवेश पत्र व आधार कार्ड से अभ्यर्थी का मिलान किया। कई स्तर की चेकिंग से गुजरते हुए अंत में अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक जांच हुई।परीक्षा केंद्रों पर पुरुष अभ्यर्थियों से बेल्ट, जूते उतरवाए गए। महिला अभ्यर्थियों के बाल खुलवाए, हाथ में पहने कड़े, कान में बालियां सहित गले में पहने लाकेट की भी जांच की गई। रामलला इंटर कालेज, रावतपुर गांव में अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए माइक से एनाउंसमेंट किया गया।
अभ्यर्थियों की जेब से रुमाल निकालकर मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई। पहली परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए केंद्रों पर स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मचारियों निगरानी कर रहे हैं। बता दें, दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। इसमें भी 14 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे।
परीक्षार्थियों की उतरवाई गई घड़ी और बेल्ट, सिर से लेकर पैर तक हुई सघन चेकिंग
हमीरपुर में सघन चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर इंट्री दी गई और तीन दिवसीय टीईटी परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में शांतिपूर्ण माहौल के बीच पेपर शुरू हुआ। इस दौरान परीक्षार्थियों की बेल्ट और घड़ी उतरवाई गई और सिर से लेकर पैर तक चेकिंग की गई। केंद्रों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा।