वाराणसी में उफान पर नदियां, कई घरों में भरा पानी, 144 लोग हुए विस्थापित...
लखनऊ/वाराणसी न्यूज। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया हैं, जिसकी वजह से निचले इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। वाराणसी में भी गंगा के साथ-साथ अब सहायक नदी वरुणा भी उफान पर है। जिसका असर यहां के निचले रिहायशी क्षेत्रों पर दिखाई दे रहा है। गंगा के आसपास के कई इलाकों में पानी भर गया है। जिसके चलते लोग अपने घरों को छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं।
एबीपी लाइव को जिला प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी में अब तक करीब 75 लोग राहत शिविर में शरण ले चुके हैं। इसके अलावा घरों में पानी पहुंचने की वजह से 31 परिवारों के 144 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। नदियों के बढ़े हुए जलस्तर की वजह से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। जिसे लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी मुस्तैदी को बढ़ा दिया है। राहत शिविर लगाने के साथ-साथ प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक मूलभूत व्यवस्थाएं पहुंचाने के लिए विभाग को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
वाराणसी के 3 वार्ड बाढ़ से प्रभावित
गंगा नदी के साथ वरुणा नदी में भी बढ़ते जलस्तर की वजह से अब तक तीन वार्ड या मोहल्ले बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। यहां आसपास के कई घरों में पानी घुस गया है, जिसकी वजह से 31 परिवार के 144 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। 75 लोगों ने प्रशासन की तरफ से बनाए गए राहत शिविर में शरण ली है जिसमें 22 पुरुष 24 महिलाएं 25 बच्चे और दो गर्भवती महिलाएं व दो बुजुर्ग भी शामिल हैं।
खतरे के निशान के क़रीब पहुंची गंगा
वाराणसी में गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि जारी है। 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही गंगा अब चेतावनी बिंदु के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं। रविवार की रात्रि 8:00 बजे तक वाराणसी में गंगा का जलस्तर 69.52 मीटर रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर और खतरे का निशान 71.26 मीटर निर्धारित है. ऐसे में प्रशासन की ओर से एहतियात क़दम उठाए जा रहे हैं।