रक्षाबंधन पर पत्नी को मायके छोड़ने निकला था पति, मिठाई लेने गया तो प्रेमी संग हुई फरार; 19 दिन पहले हुई थी शादी...
बिहार के मधेपुरा से हैरान करने वाली घटना सामने आई है. रक्षाबंधन पर पत्नी को मायके पहुंचाने निकले एक युवक को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब वह मिठाई लेकर लौटा तो उसकी पत्नी गायब थी। काफी तलाश के बाद भी जब पत्नी का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जांच में प्रेम प्रसंग की कहानी सामने आई। पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर युवती को बरामद कर उसके प्रेमी को भी पकड़ लिया। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामला मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के चौसा बस स्टैंड का है. पुलिस के मुताबिक, भागलपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार की शादी पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के सुखसेना निवासी तारावती कुमारी से 7 अगस्त को हुई थी. शादी के करीब 19 दिन बाद रक्षाबंधन के मौके पर पिंटू पत्नी को उसके मायके पहुंचाने के लिए बाइक से निकला था।
दोनों जब पूर्णिया-मधेपुरा सीमा के पास चौसा बस स्टैंड पहुंचे तो कुछ देर के लिए रुके. इसी दौरान तारावती ने पति से रक्षाबंधन के लिए मिठाई खरीदने को कहा. पिंटू पत्नी को वहीं छोड़कर पास की दुकान पर मिठाई लेने चला गया. आरोप है कि इसी दौरान तारावती वहां से गायब हो गई। पिंटू मिठाई लेकर वापस लौटा तो पत्नी बाइक के पास नहीं थी. उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उसने ससुराल वालों को जानकारी दी. परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की।
रात 12 बजे पुलिस को सूचना, दो घंटे में मिली युवती
काफी तलाश के बाद भी जब तारावती का पता नहीं चला तो रात करीब 12 बजे डायल-112 को सूचना दी गई. पुलिस टीम में शामिल राहुल राज और चालक चंद्रशेखर यादव ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के साथ मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर युवती की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस कथित प्रेमी उत्कर्ष कुमार के परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा स्थित घर पहुंची. पुलिस ने उत्कर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि तारावती को उसकी मां के घर राघोपुर बहतरा में रखा गया है।
प्रेमी के घर से मिली जानकारी, मां के घर पहुंची पुलिसजानकारी मिलने के बाद डायल-112 की दूसरी टीम को इसकी सूचना दी गई. वैशाली चौक की टीम में शामिल नागेश्वर साह और चालक संजय यादव राघोपुर बहतरा पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजे सूचना मिलने के लगभग दो घंटे बाद नवविवाहिता को बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने कथित प्रेमी उत्कर्ष कुमार को भी पकड़ लिया. बाद में तारावती और उत्कर्ष को जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए परबत्ता थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
शादी से पहले प्रेम प्रसंग का दावा
पुलिस और परिजनों के अनुसार, तारावती का शादी से पहले उत्कर्ष कुमार के साथ कथित प्रेम प्रसंग था. परिवार को इसकी जानकारी होने की बात भी सामने आई है. इसके बाद परिजनों ने उसकी शादी पिंटू कुमार से करा दी थी।
आरोप है कि रक्षाबंधन पर मायके जाने की जानकारी तारावती ने पहले ही उत्कर्ष को दे दी थी. चौसा बस स्टैंड पहुंचने के बाद उसने पति को मिठाई लेने भेजा और इसी दौरान कथित प्रेमी की बाइक पर बैठकर वहां से चली गई।
शादी के महज 19 दिन बाद सामने आए इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके में चर्चा पैदा कर दी. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ और मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।