Headlines
Loading...
माघ मेला 2027 की तिथियों का एलान: 50 दिन का होगा आयोजन, मकर संक्रांति को होगा पहला स्नान, संगम में लगभग 28 करोड़ भीड़ आने का अनुमान...

माघ मेला 2027 की तिथियों का एलान: 50 दिन का होगा आयोजन, मकर संक्रांति को होगा पहला स्नान, संगम में लगभग 28 करोड़ भीड़ आने का अनुमान...

प्रयागराज, न्यूज। जीवनदायिनी गंगा, श्यामल यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने माघ मेला 2027 की तिथियों की घोषणा करते हुए तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार यह महानुष्ठान 50 दिनों का होगा। मेला 15 जनवरी मकर संक्रांति से शुरू होकर छह मार्च तक चलेगा। माघ मेला का जल्द ही बजट भी घोषित किया जाएगा। इस बार तीन स्नान पर्व शनिवार को, दो शुक्रवार को और एक गुरुवार को होगा। पुरुषोत्तम माह के चलते कल्पवास देर से शुरू होगा।

माघ मेला का पहला स्नान मकर संक्रांति का होगा, जो 15 जनवरी को होगा। इसके बाद 22 जनवरी को पौष पूर्णिमा का स्नान होगा। इसी तिथि से जप और तप का कल्पवास भी शुरू होगा। फिर छह फरवरी को मौनी अमावस्या स्नान पर्व है, जो मेला का सबसे मुख्य स्नान पर्व होगा। इसमें सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई गई है। इसके बाद 11 फरवरी को वसंत पंचमी, 20 फरवरी को माघी पूर्णिमा का स्नान होगा। इसके साथ ही कल्पवास का समापन भी हो जाएगा। मेला का अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि छह मार्च को होगा। मेला प्रशासन का अनुमान है कि इस बार लगभग 25 से 28 करोड़ श्रद्धालु आएंगे, जिसके अनुसार ही सभी प्रबंध किए जा रहे हैं।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी, उत्तर रेलवे लखनऊ, नगर आयुक्त नगर निगम, पुलिस अधीक्षक मेला, एसपी जीआरपी, सीएमओ, एक्सईएन जल निगम, दूरसंचार, पर्यटन, राज्य सड़क परिवहन निगम, आपूर्ति, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को को इसकी सूचना दे दी गई है।

मेला सात सेक्टर में बसाया जाएगा। वहीं, अरैल और झूंसी क्षेत्र को कनेक्ट करने के लिए पहली बार संगम के डाउन स्ट्रीम में अतिरिक्त पांटून पुल बनाया जाएगा। उप मेलाधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि मेला के आयोजन के लिए तैयारी शुरू हो गई है। शीघ्र ही इसको लेकर विभागीय समन्वय बैठक होगी, जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रमुख स्नान पर्वों की तिथियां

* मकर संक्रांति - 15 जनवरी (शुक्रवार)
* पौष पूर्णिमा - 22 जनवरी (शुक्रवार)
* मौनी अमावस्या - 6 फरवरी (शनिवार)
* वसंत पंचमी -- 11 फरवरी (गुरुवार)
* माघी पूर्णिमा --20 फरवरी (शनिवार)
* महाशिवरात्रि -- 6 मार्च (शनिवार)

माघ मेला 2027 की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। इसके अनुसार ही तैयारी शुरू कराई जा रही है। पहली बार झूंसी और अरैल के बीच गंगा पर पांटून पुल बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
ऋषि राज, मेलाधिकारी प्रयागराज ।।