विवेचना छोड़ पीड़िता के प्यार में पड़े दरोगा जी !! बनाए संबंध, फिर शादी के वादे से मुकरे, अफसरों के पास पहुंची पीड़िता, काशी भ्रमण में खुला राज
लखनऊ, न्यूज। राजधानी लखनऊ में महिला सुरक्षा और खाकी की साख पर बट्टा लगाने वाली एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। थाना आशियाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) धर्मवीर शाही पर एक मामले की विवेचना (जांच) के दौरान पीड़िता से ही नजदीकियां बढ़ाने, शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है।
जब दरोगा शादी के वादे से मुकर गए और गाली-गलौज पर उतर आए, तो पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अफसरों के दरबार में न्याय की गुहार लगाई है।
केस की तफ्तीश में बढ़ीं नजदीकियां, अश्लील बातों से शुरू हुआ सिलसिला
मामला लखनऊ के आशियाना थाने से जुड़ा है। मानकनगर की रहने वाली पीड़िता ने अपने पूर्व प्रेमी अभिषेक सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस हाई-प्रोफाइल केस की विवेचना का जिम्मा दरोगा धर्मवीर शाही को सौंपा गया था।
पीड़िता का आरोप है कि 21 फरवरी को पूछताछ और बयान दर्ज करने के बहाने दरोगा ने उसे थाने बुलाया। इसके बाद जांच के नाम पर फोन पर लगातार बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। धीरे-धीरे दरोगा ने अश्लील बातें करना शुरू कर दिया और उसे शादी का झांसा देकर जिंदगी भर साथ रखने का वादा कर डाला। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर दरोगा ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
बनारस सैर पर हुआ बवाल: सामने आ गई दरोगा जी की पत्नी!
दरोगा और पीड़िता का यह रिश्ता तब तक चलता रहा जब तक कि मामला काशी (बनारस) तक नहीं पहुंच गया। सूत्रों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले दरोगा धर्मवीर शाही पीड़िता को बनारस घुमाने ले गए थे। लेकिन वहां किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि बनारस में अचानक दरोगा साहब की पत्नी सामने आ गईं।
पत्नी के सामने आते ही भारी हंगामा हुआ और वहीं से दरोगा के खौफनाक चेहरे का पर्दाफाश होना शुरू हो गया। बनारस से लौटने के बाद जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाना शुरू किया, तो दरोगा का रुख पूरी तरह बदल गया।
मां की दवा लेने गई युवती को थाने बुलाकर फोन छीना, दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि 30 जुलाई को जब वह अपनी मां की दवा लेने अपोलो अस्पताल गई थी, तो दरोगा ने उसे झांसा देकर थाने बुलाया। वहां आरोपी दरोगा ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, सारे डिजिटल सबूत मिटाने की नीयत से उसका मोबाइल फोन छीन लिया और किसी को मुंह खोलने पर जान से मारने की खौफनाक धमकी भी दी।
सूत्रों का यह भी कहना है कि दरोगा जी किला चौराहे पर स्थित एक मकान में अक्सर आते-जाते थे, जहां पीड़िता से मुलाकातें होती थीं।
एक्शन मोड में पुलिस महकमा: ACP कैंट को सौंपी गई जांच
खाकी पर लगे इस दाग और नए पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बीच पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
पुलिस का आधिकारिक बयान: “पीड़िता से लिखित शिकायत पत्र प्राप्त कर लिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच ACP कैंट को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर संबंधित दरोगा के खिलाफ कड़ी विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”