क्या हिमांशी खुराना को मारते-पीटते थे आसिम रियाज? 'लेडी डॉन' के इस दावे से भड़के एक्टर ने भेज दी लीगल नोटिस...
मनोरंजन, न्यूज। बिग बॉस 13 से लोकप्रिय हुए आसिम रियाज एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला उनकी एक्स गर्लफ्रेंड हिमांशी खुराना से जुड़े पुराने रिश्ते और उस पर की गई कथित टिप्पणियों का है। एमटीवी स्प्लिट्सविला 12 में नजर आ चुकीं भाव्या सिंह, जिन्हें सोशल मीडिया पर 'लेडी डॉन' के नाम से भी जाना जाता है, उनको आसिम की ओर से कानूनी नोटिस भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
पॉडकास्ट में भाव्या ने क्या कहा था?
बताया जा रहा है कि एक पॉडकास्ट के दौरान भाव्या सिंह ने आसिम और हिमांशी के पुराने रिश्ते पर बात की थी. उन्होंने कथित तौर पर कुछ ऐसे दावों का जिक्र किया, जिनमें आसिम पर हिमांशी के साथ शारीरिक हिंसा करने का आरोप लगाया गया था।
भाव्या ने यह भी दावा किया था कि उन्हें काफी समय पहले आसिम और हिमांशी के ब्रेकअप की वजह को लेकर ऐसी बातें सुनने को मिली थी. इसके बाद उन्होंने कुछ अन्य घटनाओं और सोशल मीडिया पर सामने आई चर्चाओं को इन दावों से जोड़ने की कोशिश की.हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि की बात सामने नहीं आई है. आसिम की कानूनी टीम ने इन दावों को गलत और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।
पैसों को लेकर भी किए गए थे दावे
कानूनी नोटिस में पॉडकास्ट से जुड़े कुछ अन्य कथित बयानों का भी उल्लेख किया गया है. इनमें आसिम की आर्थिक स्थिति को लेकर भी दावे किए जाने की बात कही गई है. नोटिस के अनुसार, ऐसी बातें कही गईं जिनसे यह संकेत मिलता था कि आसिम कथित तौर पर किसी महिला के आर्थिक सहयोग पर निर्भर थे। आसिम की तरफ से इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया गया है।
72 घंटे का दिया गया समय
आसिम की कानूनी टीम ने भाव्या सिंह से कथित मानहानिकारक बयानों को आगे दोहराने या प्रसारित करने से रोकने की मांग की है. साथ ही, संबंधित मीडिया प्लेटफॉर्म्स से विवादित सामग्री हटाने की मांग भी की गई है. नोटिस में जवाब और आवश्यक कार्रवाई के लिए 72 घंटे की समयसीमा दिए जाने की बात सामने आई है।
कानूनी टीम ने चेतावनी दी है कि मांगों का पालन नहीं होने पर आगे अदालत या संबंधित कानूनी मंचों का रुख किया जा सकता है. फिलहाल, यह विवाद कानूनी नोटिस तक पहुंच चुका है और आसिम ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों पर कानूनी रास्ता अपनाया है।