मैं ऐसे कपों में चाय पी चुका हूं तो मेरी जाति क्या हुई? आरक्षण समीक्षा विवाद पर संजय झा ने इस ट्रिक के माध्यम से पूछा सवाल...
बिहार पटना, न्यूज: बिहार ही नहीं, देशभर में इन दिनों आरक्षण समीक्षा को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया आ रही है। बिहार में जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन के उस बयान से विवाद खड़ा हुआ, जिसमें उन्होंने आरक्षण के समीक्षा की मांग की। उसके बाद चिराग पासवान ने उस बयान पर आपत्ति जताते हुए जीतन राम मांझी के बेटे से इस्तीफे की मांग कर डाली। अब इस विवाद में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की एंट्री हो गई है। उन्होंने बहुत ही सलीके से एक तस्वीर के माध्यम से विपक्ष के नेताओं से सवाल पूछा है।
संजय झा ने पूछा विरोधियों से सवाल?
संजय झा ने एक्स पर 10 चाय के कप वाली तस्वीर को पोस्ट किया है। उसके बाद संजय झा ने विपक्ष के नेताओं से एक सवाल पूछा है। उन्होंने पूछा है कि क्या आपको पता है कि नीचे कौन सा कप किस जाति के लिए है? संजय झा ने ये भी कहा है कि झूठ के पांव नहीं होते! क्या समाज में नफरत फैलाने में जुटे विपक्ष के नेता बताएंगे, कि संलग्न चित्र में कौन सा कप किस जाति के लोगों के लिए है? मैं ऐसे सभी कपों में चाय पी चुका हूं। तो मेरी जाति क्या हुई?
राहुल गांधी पर बीजेपी का प्रहार
इस मुद्दे पर बीजेपी के सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी को घेरा है। उन्होंने बताया है कि कोई काम नहीं है। इस तरह के मुद्दे को छेड़ा जाता रहा है। उधर, चिराग पासवान ने इस मुद्दे पर कहा है कि संविधान में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षण केवल अवसर का प्रावधान नहीं, बल्कि सदियों से चले आ रहे सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के विरुद्ध सामाजिक न्याय का सुरक्षा कवच है।
चिराग पासवान का मांझी से सवाल?
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे में SC/ST आरक्षण में 'क्रीमी लेयर' या उप-वर्गीकरण (Sub-classification) की मांग सामाजिक न्याय के मूल उद्देश्य को कमजोर करने वाली है। जो लोग इसका समर्थन करते हैं, उन्हें पहले स्वयं आरक्षण का लाभ छोड़कर एक नैतिक उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। जब तक समाज में भेदभाव और असमानता कायम है, तब तक वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा की हमारी लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी। ध्यान रहे कि एनडीए के अंदर आरक्षण समीक्षा को लेकर घमासान मचा हुआ है।