मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि कारसेवा: नौ अगस्त रविवार से शुरू होगा हवन पूजन और अनुष्ठान !! संतों ने भरी हुंकार...
मथुरा, केसरी न्यूज 24। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की मुक्ति के लिए घोषित कारसेवा का शुभारंभ नौ अगस्त को ही गोवर्धन के जुल्हैंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ पर होगा। शुक्रवार शाम को इसे लेकर वृंदावन में संत-महांतों की बैठक में कारसेवा कार्य के शुभारंभ को लेकर हुंकार भरी गई। पीठ के आश्रम पर हवन पूजन होगा। कानूनी प्रक्रिया का जल्द निर्णय होने की प्रार्थना होगी।
इस दिन यदि पत्थर पहुंचें तो शिलापूजन भी होगा। पीठाधीश्वर का कहना है कि जब तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मंदिर नहीं बनेगा, तब तक आश्रम पर निरंतर हवन चलता रहेगा।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान की मुक्ति को लेकर श्रीचित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी डॉ. सच्चिदानंद महाराज ने चार जुलाई को अयोध्या के राम मंदिर की तरह कारसेवा की घोषणा की थी। उन्हें इसके लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का भी समर्थन मिला। लेकिन कांवड़ यात्रा को देख नौ अगस्त की तिथि टाल दी गई।
नौ अगस्त को श्रीचित्रगुप्त पीठ में होगा हवन पूजन, मंदिर बनने तक चलेगा यज्ञ
इधर, पीठ के आश्रम में नौ अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर नया मंदिर बनाने के लिए पत्थर तराशने के लिए कार्यशाला के शुभारंभ की घोषणा की गई। इसके लिए राजस्थान के बंशी पहाड़पुर से गुलाबी पत्थरों का आर्डर भी दिया गया। इधर, पुलिस भी इस कार्यक्रम को लेकर सक्रिय हो गई है। दो दिन पहले पीठाधीश्वर ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर कार्यक्रम न करने को कहा। शुक्रवार को कार्यक्रम को लेकर वृंदावन में ललित कुंज में धर्म रक्षा संघ की गोष्ठी हुई। इसमें घोषणा की गई कि बड़ी संख्या में संत-महांत इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मंदिर निर्माण के लिए शिलापूजन भी कर सकते हैं संत
संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर साधु-संत उत्साहित हैं। श्रीचित्रगुप्त पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि बहुत दिन तक हिंदुओं ने इंतजार कर लिया मगर हमें निराशा हाथ लगी है अब समय आ गया है हमने निर्णय लिया है कि संत समाज और सनातनी धर्म योद्धाओं के साथ मिलकर हम मथुरा में भी श्री कृष्ण जन्मभूमि पर उस ढांचे के स्थान पर भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि कारसेवा को लेकर हम नौ अगस्त को सुबह नौ बजे से हवन पूजन और वैदिक अनुष्ठान करेंगे। यज्ञ में न्यायिक प्रक्रिया में शीघ्र निर्णय होने, मंदिर निर्माण में बाधाएं दूर होने, विपक्षी पक्ष को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना होगी।
मंदिर निर्माण में बाधा दूर करने को होगी प्रार्थना
धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश व डॉ. हरिओम शास्त्री ने कहा कि कृष्ण लला को राम लला की तरह इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अध्यक्षता श्री स्वामी हरिदासीय पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज ने की।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि बड़ी संख्या में वृंदावन से संत-महांत जुल्हैंदी के आश्रम जाएंगे। महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद सरस्वती अधिकारी गुरुजी,स्वामी अतुल कृष्ण दास महाराज, स्वामी महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. आदित्यानंद गिरि महाराज, महंत देवानंद वनमहाराज ,श्रीदास प्रजापति मौजूद रहे।
पुलिस ने जारी किया रेड कार्ड चेतावनी नोटिस
श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर कारसेवा करने की घोषणा के बाद सक्रिय पुलिस प्रशासन इस कार्यक्रम को रोकने की कवायद में लगा है। इसे लेकर संत-महांतों को रेड कार्ड चेतावनी नोटिस भी जारी किया गया है और नौ अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि यदि किसी कृत्य से कानून व्यवस्था प्रभावित हुई तो वैधानिक कार्रवाई होगी।