Headlines
Loading...
रक्षाबंधन पर शहीद विशाल पाण्डेय की बहनों से कांग्रेसजनों ने बंधवाई राखी-प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जाना शहीद परिवार का कुशलक्षेम...

रक्षाबंधन पर शहीद विशाल पाण्डेय की बहनों से कांग्रेसजनों ने बंधवाई राखी-प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जाना शहीद परिवार का कुशलक्षेम...

वाराणसी, न्यूज 28 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को कांग्रेसजनों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले काशी के सपूत शहीद विशाल पाण्डेय के हुकुलगंज स्थित आवास पहुंचकर उनकी बहनों वैष्णवी पांडेय व वर्तिका पांडेय से राखी बंधवाई।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान को नमन किया। साथ ही शहीद परिवार के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।

गौरतलब है कि वाराणसी निवासी शहीद विशाल पाण्डेय 27 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में एमआई-17 विमान हादसे में बलिदान हो गए थे। रक्षाबंधन के अवसर पर पिछले कई वर्षों से उनकी बहनों से राखी बंधवाने की आत्मीय परंपरा निभाई जा रही है।

इस वर्ष कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के काशी से बाहर होने के कारण वह स्वयं शहीद परिवार के घर नहीं पहुंच सके। उनके निर्देश पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और प्रदेश अध्यक्ष के पुत्र शांतनु राय समेत कांग्रेसजन शहीद के आवास पहुंचे। उन्होंने शहीद की बहनों से राखी बंधवाई और परिवार के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो कॉल के माध्यम से शहीद विशाल पाण्डेय की बहनों और परिवार के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए परिवार का कुशलक्षेम जाना और अपना स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त की।