Headlines
Loading...
वाराणसी न्यूज :: रक्षाबंधन :: श्रावण पूर्णिमा पर प्राचीन पर्व में दिखा नवीनता का समावेश...

वाराणसी न्यूज :: रक्षाबंधन :: श्रावण पूर्णिमा पर प्राचीन पर्व में दिखा नवीनता का समावेश...

वाराणसी, रक्षाबंधन न्यूज। श्रावण पूर्णिमा, शुक्रवार को रक्षाबंधन मनाया गया। इस प्राचीन पर्व में नूतनता का भी समावेश दिखा। राखी के रूप में भाइयों की कलाई पर बहनों का 'रेशमी प्यार' सजा। राखी बांधने का क्रम सूर्योदय के बाद से शुरू हो गया था। पूर्वाह्न में पूर्णिमा तिथि समाप्त होने के बाद भी यह क्रम निरंतर चलता रहा। 

जिन बहनों के भाई मुहूर्त के अंदर उन तक नहीं पहुंच सके, उन बहनों ने भाई की राखी भगवान को चढ़ा दी। बाद में पहुंचे भाइयों को भगवान को चढ़ाई हुई राखी बांधी गई। बहनों ने भाइयों के मस्तक पर तिलक किया। कलाई पर राखी बांधने के बाद मुंह मीठा कराया और उनसे उपहार प्राप्त किए। 

रक्षा बंधन के पारंपरिक स्वरूप में आधुनिकता का तड़का भी दिखा। राखियों की बनावट से लेकर उपहारों तक में यह बात साफ दिखी। भाइयों ने डिजिटल नेग दिया तो बहनों ने भी ऑनलाइन खरीदारी के गिफ्ट में बाउचर रिटर्न दिए। रक्षाबंधन स्पेशल मिठाइयां भी राखियों की आकृति में दिखीं। एक-दूसरे से काफी दूर रहने वाले भाई-बहनों ने ऑनलाइन रक्षाबंधन की रस्म निभाई।

वीडियो कॉलिंग पर मिले भाई-बहन

कई जगह वीडियो कॉलिंग के जरिए भाई-बहन आमने-सामने हुए। बहन ने अपनी भावनाएं शब्दों से जाहिर की तो भाई ने अपनी कलाई पर सजी बहन की भेजी राखी दिखा कर उसे इत्मिनान कराया। नगर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से सामूहिक रक्षा बंधन के आयोजन हुए। किसी ने अनाथ बच्चों के बीच पर्व की खुशियां बांटी तो किसी संगठन ने मलिन बस्ती के लोगों के बीच रक्षा बंधन की रस्म निभाई।

गंगा रक्षा का लिया संकल्प

रक्षाबंधन पर्व पर नमामि गंगे के सदस्यों ने दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प किया। गंगा तट पर उपस्थित माताओं एवं बहनों को उपहार स्वरूप कपड़े के थैले बांटकर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का वादा लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने किया।

रोटरी क्लब वाराणसी गंगा के सदस्यों ने पाणिनि की ऋषिकाओं संग मनाया पर्व

रोटरी क्लब वाराणसी गंगा के सदस्यों ने महमूरगंज स्थित पाणिनि कन्या विद्यालय की ऋषिकाओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। गुरुकुल की छात्राओं ने रोटरी के सभी सदस्यों को राखी बांधी। सदस्यों ने मिठाई, नमकीन आदि भेंट किए। मुख्य अतिथि दिनेश गर्ग रहे। 

इस मौके पर दीपक अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, धर्मेंद्र गोयल, सुधीर जायसवाल, लक्ष्मीकांत झा, रितेश कुमार, अशोक अरोड़ा, दीपक माली, प्रदीप कुमार, पीयूष साह, जयकिशन खत्री, प्रदीप वर्मा आदि उपस्थित रहे।