वाराणसी में बरसात के बीच सड़कों पर खुल रही है पीडब्लूडी की कलई, ट्रामा सेंटर बीएचयू मोड़ पर सात फीट सड़क है धंसी...
वाराणसी, न्यूज। नगवां लंका के ट्रामा सेंटर के और बीएचयू मोड़ भगवान पुर मुख्य मार्ग पर बुधवार की सुबह अचानक सड़क धंस गई, जिसकी गहराई करीब सात फीट और चौड़ाई ढाई फीट है। व्यस्ततम मार्ग होने के कारण यहां हजारों की संख्या में मरीज उनके परिजन और छात्रों के अलावा स्थानीय लोगों का आवागमन होता है।
सपा के युवा नेता अमन यादव ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए तत्काल उसे ठीक करने मांग की है। दो दिन से शहर में हो रही मूसलधार बरसात के कारण सड़क के किनारे से गुजरी जलनिकासी नाली के कारण ये समस्या हुई है।
वहीं बीएलडब्लू से नरिया लंका मार्ग पर राजेंद्र विहार कालोनी नेवादा के सामने भी सड़क के किनारे बनी जलनिकासी नाली के कारण सड़क धंस गई है। इसके लिए लोगों ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को सूचना दी है।
अमन यादव का आरोप है कि यह सिर्फ सड़क का गड्ढा नहीं, बल्कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता, भ्रष्टाचार और सरकारी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला है। अमन यादव ने इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।