Headlines
Loading...
ब्रह्मभोज में बिजली ठेकेदार की हत्या, तलवार से गला काटा, अस्पताल ले जाते समय पेट में चाकू घोंपा...

ब्रह्मभोज में बिजली ठेकेदार की हत्या, तलवार से गला काटा, अस्पताल ले जाते समय पेट में चाकू घोंपा...

गोरखपुर क्राइम न्यूज। गोरखपुर में डेढ़ साल पहले हुई हत्या का हमलावरों ने अब बदला ले लिया। शनिवार देर शाम रंजिश में बिजली विभाग के ठेकेदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गांव में आयोजित ब्रह्मभोज में भोजन करते समय आरोपितों ने पहले उनके सिर पर सब्बल से हमला किया। 

गंभीर हालत में ऑटो से अस्पताल ले जाते समय हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास हमलावरों ने फिर घेर लिया और गला व हाथ काटने के साथ पेट में चाकू घोंप दिया। इससे ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। गांव में तनाव देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

अहिरौली खुर्द निवासी बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी स्वर्गीय जोगेंद्र तिवारी का पुत्र शिव कुमार तिवारी (45) बिजली विभाग में ठेकेदारी करता था। शनिवार को गांव के छेदी चौधरी की मृत्यु के बाद आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने उनके घर गया था। 

आरोप है कि लोगों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन करते समय एक युवक शर्ट के अंदर सब्बल छिपाकर वहां पहुंचा और शिव कुमार के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया।

ऑटो रोक कर हमलावरों ने किया ताबड़तोड़ प्रहार

शिव कुमार को छेदी चौधरी के घर के लोगों ने ऑटो से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि गांव से कुछ दूर हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास हमलावरों ने ऑटो रोक लिया। इसके बाद शिव कुमार पर तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसका हाथ और गला कट गया, जबकि पेट में भी चाकू से वार किया गया। शिव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस वारदात के बाद गांव में तनाव देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

डेढ़ साल पहले हुई आदेश चौधरी की हत्या से जुड़ी रंजिश

पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले गांव में आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इस मामले में शिव कुमार तिवारी समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया था। शिव कुमार जमानत पर बाहर था। आरोप है कि इसी हत्या की पुरानी रंजिश में आदेश चौधरी के भाई शिव कुमार से बदला लेने की फिराक में थे। शनिवार को ब्रह्मभोज में मौका मिलने पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस रंजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।