Headlines
Loading...
हैदराबाद में श्री विद्या कोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ का दो दिवसीय भव्य आयोजन, देश की प्रगति व विश्व शांति के लिए हुई प्रार्थना...

हैदराबाद में श्री विद्या कोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ का दो दिवसीय भव्य आयोजन, देश की प्रगति व विश्व शांति के लिए हुई प्रार्थना...

हैदराबाद, न्यूज। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के श्रीनगर कॉलोनी स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के सभागार में देश के वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी महाराज के संरक्षण में दो दिवसीय श्री विद्या कोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ का आयोजन किया गया। 

यह महायज्ञ देश की प्रगति, विश्व शांति और गरीब कल्याण के ध्येय को लेकर आयोजित किया गया था। महायज्ञ का शुभारंभ वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, तेलंगाना के महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह और भारतीय जनता पार्टी, तेलंगाना प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता एम. सुभाष राव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

हर जिले में होगा महायज्ञ का आयोजन - स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी

अपने आशीर्वचन में स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि सनातन धर्म ही सबका मूल है और जो सनातन के साथ चलेगा उसकी प्रगति निश्चित है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में देश के प्रत्येक जिले में श्री विद्या कोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा, "वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है। भारत माता की समृद्धि और कीर्ति वैश्विक स्तर पर बढ़ी है। वर्ष 2047 से पहले भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए देश के हर वर्ग को अधिक श्रमदान करना होगा। भारतीय ऋषि-कृषि परंपरा के पुनरुद्धार के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा।"

राज्यपाल ने की भारत की समृद्धि की कामना

इस अवसर पर तेलंगाना के महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के नेतृत्व में पूरे देश में सनातन धर्म के संरक्षण और समाज निर्माण के क्षेत्र में अद्भुत कार्य हो रहा है।

उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं का आह्वान करते हुए कहा, "देश की प्रगति के लिए सभी वर्गों को संगठित होकर कार्य करना चाहिए। यज्ञ की हर आहुति में यदि भारत माता की समृद्धि की कामना जुड़ जाए तो यह और भी फलदायी होगा। देश की प्रगति ही प्रत्येक नागरिक का ध्येय है। आज भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में वैश्विक स्तर पर उभर रहा है, इससे प्रत्येक नागरिक प्रसन्न है। युवा शक्ति के सहयोग से भारत वैश्विक क्रांति का शंखनाद करेगा।"

भाजपा प्रवक्ता ने दिया एकजुटता का संदेश

भाजपा तेलंगाना प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता एम. सुभाष राव ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से वेंकट राम चौधरी, राजेश अग्रवाल, सुधाकर शर्मा, डॉ. अनंत लक्ष्मी, श्रीदेवी, कराटे कल्याणी, रोहित चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।