मिताली और चेतना की फिरकी में फंसी UAE टीम, श्रीलंका ने महज 47 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से जीता मैच...
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मिताली अयोध्या और चेतना विमुक्ति की शानदार गेंदबाजी के चलते श्रीलंका ने महिला एशिया कप 2026 के दूसरे और अपने पहले मैच में जीत दर्ज की। चमारी अथापथु की कप्तानी वाली टीम ने संयुक्त अरब अमीरात महिला टीम को 9 विकेट से शिकस्त दी। श्रीलंका ने महज 47 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच की हीरो चेतना विमुक्ति रहीं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी संयुक्त अरब अमीरात महिला टीम 19.5 ओवर में 79 रन पर सिमट गई। 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाईं। कप्तान ईशा ओझा ने सबसे ज्यादा 18 रन की पारी खेली। उनके अलावा समायरा धरनिधारका ने 17, रिनिथा रजित ने 15 और हीना होटचंदानी ने 10 रन बनाए।श्रीलंका की ओर से मिताली अयोध्या ने 3.5 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान वह काफी किफायती रहीं। उन्होंने 3.70 की इकोनॉमी से 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए। चेतना विमुक्ति ने 4 ओवर गेंदबाजी की और उन्होंने 4 की इकोनॉमी से 16 रन देकर 3 शिकार किए। सुगंधिका कुमारी के खाते में 2 विकेट आए।
80 रन के टारगेट को श्रीलंका महिला टीम ने 7.5 ओवर में 1 विकेट खोकर ही चेज कर लिया। इमेशा दुलानी और कप्तान चमारी अथापथु के बीच 35 गेंदों पर 57 रन की साझेदारी हुई। पावरप्ले के आखिरी ओवर में दुलानी रन आउट हो गईं। उन्होंने 18 गेंदों का सामना किया और 5 चौकों की मदद से 25 रन बनाए। इसके बाद कोई विकेट नहीं गिरा। कप्तान चमारी अथापथु 25 गेंदों पर 48 रन बनाकर नाबाद रहीं। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के ठोके। संजना कविंदी 5 रन बनाकर नाबाद रहीं।