आज सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर 140 की रफ्तार से डिवाइडर में टकराकर कार के उड़े परखच्चे, 3 दोस्तों की मौत, 2 घायल...
यूपी एक्सीडेंट, न्यूज। आगरा: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम गृह भेजे गए हैं।
हादसा डौकी थाना क्षेत्र के बाजिदपुर इलाके में हुआ। थाना पुलिस ने बताया कि चालक और उसके बराबर में बैठा युवक घायल हैं। तीन अन्य जो पिछली सीट पर बैठे थे, उनकी मौत हो गई है।
दिल्ली से बलिया जा रहे थे लोग
थाना प्रभारी ने बताया कि कार में पांच लोग सवार होकर दिल्ली से बलिया जा रहे थे। सुबह करीब 7.40 बजे उन्हें सूचना मिली की एक सड़क हादसा हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायल थे। उन्होंने तत्काल यूपीडा और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
कार की स्पीड 140 किमी थी
कार चालक यशवंत घायल अवस्था में था। उसने पुलिस को बताया कि कार की स्पीड 140 किमी प्रति घंटा थी। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर हवा में उछल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के चलते कार हवा ने हवा में कई पलटे खाए थे। फिर जमीन पर आकर गिर पड़ी। 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि चालक यशवंत और चंद्रकांत की जान बच गई।
हवा में पलटे खाती रही गाड़ी
थाना डौकी के प्रभारी ने बताया कि स्पीड अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई थी। इसके बाद वह डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार कपिल, भूपेंद्र और जयप्रकाश बाहर निकलकर हवा में उड़ गए। इसके बाद तीनों नीचे खाई में जा गिरे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्पीड अधिक होने के कारण हादसा हुआ है।
कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षर्शियों के अनुसार, कार ने हवा में कई पलटी खाई। जब वह जमीन पर गिरी तो कार के आगे के दोनों टायर निकलकर अलग हो गए और उसमें केवल बोल्ट ही रह गए। पुलिस ने यूपीडा और स्थानीय लोगों की मदद से एबुंलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया है। मृतकों और घायलों के परिजन को सूचना दे गई है। तीनों मृतकों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है। कार में सवार पांचों लोग दोस्त बताए जा रहे हैं।