यूपी में 70 करोड़ के नकली सिक्के बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, 17 करोड़ नकली नोटों के बाद हुआ एक और ऐक्शन...
यूपी के सहारनपुर में 17.29 करोड़ रुपये की नकली करेंसी मिलने के बाद पुलिस का तगड़ा ऐक्शन हुआ है। पुलिस ने अब 20 रुपये के नकली सिक्कों के 70 करोड़ रुपये से अधिक के खेल का पर्दाफाश किया है।कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीतरों क्षेत्र में चल रही नकली सिक्कों की फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मौके से 1.28 लाख रुपये कीमत के 6400 बने नकली सिक्के और करीब पांच लाख रुपये के अधबने सिक्के बरामद हुए हैं।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता करते हुए मीडिया को बताया कि यह गिरोह छह मशीनों के जरिए रोजाना 10 से 12 हजार सिक्के तैयार करता था। एक सिक्का बनाने में पांच से छह रुपये खर्च आता था और इसे एजेंटों को 12 से 15 रुपये में दिया जाता था। इसके बाद शराब ठेकों, टोल प्लाजा और किराना दुकानों पर कमीशन के जरिए इन्हें खपाया जाता था। शराब ठेकों को गिरोह ने प्रमुख बाजार बनाया था।
2001 से धंधे में सक्रिय था मुख्य आरोपी उपकार
पुलिस ने मुख्य आरोपी उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह निवासी मोहाली, पंजाब के अलावा हिमांशु उर्फ गुल्लू, कुलदीप, संतोष चौरसिया उर्फ जनार्धन और अनुराग पाल उर्फ लंकेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उपकार 2001 से इस धंधे में सक्रिय था। 2017 में दिल्ली पुलिस उसे एक लाख रुपये के इनाम पर गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में गिरोह के तार पंजाब, बिहार, भदोही, बदायूं और पश्चिमी यूपी तक जुड़े मिले हैं। पुलिस अब आठ मोबाइल, 59 डाई, सात हिसाब रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों के जरिए सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच होगी।
17.29 करोड़ के बाद 70 करोड़ का खुलासा
सहारनपुर में नकली करेंसी से जुड़े 17.29 करोड़ रुपये के मामले के बाद नकली सिक्कों का यह बड़ा खुलासा पुलिस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूछताछ में गिरोह ने 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के बाजार में चलाने की बात बताई है। पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल कर सकती है।
सहारनपुर के तीतरों में बन रहा था नया ठिकाना
गिरोह ने तीतरों क्षेत्र में नकली सिक्कों की मैन्यूफैक्चरिंग का ठिकाना बनाया था। पुलिस के मुताबिक यहां छह मशीनों के जरिए बड़े स्तर पर उत्पादन किया जा रहा था। सहारनपुर को आगे बड़े उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी थी। बरामद मशीनें और डाई इस नेटवर्क के बड़े पैमाने का संकेत दे रही हैं।
इस संबंध में सहारनपुर एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया, नकली सिक्के बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के बाजार में चला चुका है। आरोपियों से 6400 नकली सिक्के, छह मशीनें और सिक्के बनाने का अन्य सामान बरामद हुआ है। नेटवर्क की जांच जारी है।