Headlines
Loading...
एशिया कप में बादशाहत बरकरार: 8 वीं बार चैंपियन बनी भारत की बेटियां, शेफाली-स्मृति-दीप्ति ने फाइनल में दिखाया दम...

एशिया कप में बादशाहत बरकरार: 8 वीं बार चैंपियन बनी भारत की बेटियां, शेफाली-स्मृति-दीप्ति ने फाइनल में दिखाया दम...

स्पोर्ट्स न्यूज डेस्क। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए और फिर श्रीलंका को 111 रन पर समेट दिया। 

इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 8 वीं बार एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की और 2024 के फाइनल में मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया।

स्मृति-शेफाली के बीच 129 रनों की पार्टनरशिप

भारत की जीत की सबसे बड़ी कहानी उसकी ओपनिंग जोड़ी रही. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की शानदार साझेदारी की, जिसने भारत को बड़े स्कोर की नींव दे दी।

शेफाली ने फाइनल में अपने आक्रामक अंदाज की शानदार मिसाल पेश की. उन्होंने महज 39 गेंदों में 68 रन ठोके. उनकी पारी में तूफानी स्ट्रोक्स देखने को मिले और उन्होंने महिला एशिया कप के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया. शेफाली ने सिर्फ 24 गेंदों में फिफ्टी पूरी की.वहीं, स्मृति मंधाना ने अपने अनुभव और क्लास का बेहतरीन इस्तेमाल किया. उन्होंने 39 गेंदों में 59 रन की पारी खेली. शेफाली जहां श्रीलंकाई गेंदबाजों पर टूट पड़ीं, वहीं स्मृति ने शानदार टाइमिंग और स्ट्राइक रोटेशन से पारी को संभाले रखा. दोनों की जोड़ी ने भारत को शुरुआती ओवरों में ही मुकाबले पर मजबूत पकड़ दिला दी।

दीप्ति-चरणी ने गेंद से कसा शिकंजा

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय स्पिन के सामने टिक नहीं सकी. दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव कितना महत्वपूर्ण है. उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए और श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. उनके साथ श्री चरणी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके. श्रीलंका की टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई. कप्तान चमारी अटापट्टू ने 36 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके।

भारत ने हर विभाग में दिखाया दम

फाइनल में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना दबदबा कायम रखा. स्मृति और शेफाली की विस्फोटक शुरुआत, दीप्ति की अनुभवी गेंदबाजी और चरणी के शानदार स्पेल ने भारत को एकतरफा जीत दिलाई. भारत ने सिर्फ ट्रॉफी नहीं जीती, बल्कि 2024 के फाइनल की हार का बदला भी शानदार अंदाज में लिया. महिला क्रिकेट में एशिया पर भारत का दबदबा एक बार फिर कायम हो गया है।