Headlines
Loading...
प्रयागराज रीवा हाईवे पर बेकाबू बस ने रविवार दोपहर बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, बेटे की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल...

प्रयागराज रीवा हाईवे पर बेकाबू बस ने रविवार दोपहर बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, बेटे की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल...

प्रयागराज, ब्यूराे। रीवा-प्रयागराज हाईवे पर मनकवार गांव के सामने रविवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए। और इसी दौरान बस किशोर के ऊपर से गुजर गई। हादसे में 13 वर्षीय आदित्य की मौत हो गई, जबकि उसके पिता लवलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। 

आसपास के मौजूद लोगों ने हादसा देखकर बस चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया और घायल लवलेश का उपचार चल रहा है।

मामा के घर जा रहे थे पिता-पुत्र

चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के कौबरा गांव निवासी लवलेश रविवार को अपने 13 वर्षीय बेटे आदित्य के साथ बाइक से प्रयागराज जा रहे थे। दोनों को प्रयागराज में मामा के घर जाना था। पिता-पुत्र बाइक से रीवा-प्रयागराज हाईवे पर पहुंचे। जैसे ही वह घूरपुर थाना क्षेत्र के मनकवार गांव के सामने पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही बस अनियंत्रित हो गई। बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। इसके बाद बस आदित्य के ऊपर से गुजर गई। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा देखकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे

लोगों ने बस चालक को मौके से भागने नहीं दिया और उसे पकड़ लिया. इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। लवलेश का इलाज चल रहा है।

पशु को बचाने में बस हुई अनियंत्रित

हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि बाइक के पीछे से बस आ रही थी। इसी दौरान अचानक बस के सामने बेसहारा पशु आ गया। बस की रफ्तार तेज होने के कारण चालक ने पशु को बचाने के लिए वाहन को तेजी से मोड़ दिया। इससे बस अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही बाइक में टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घूरपुर पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। 

पुलिस ने मृतक आदित्य के स्वजन को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

थाना प्रभारी घूरपुर अतुल मिश्रा ने मीडिया को बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए बेसहारा पशु वाली बात की भी जांच की जाएगी। मृतक के स्वजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।