Headlines
Loading...
नाम पप्पू है तो काम भी पप्पू जैसा, राहुल गांधी पर सीएम ने किया तीखा तंज, बोले; मोदी मॉडल को अमेरिका अपना रहा, बस राहुल नहीं मानते...

नाम पप्पू है तो काम भी पप्पू जैसा, राहुल गांधी पर सीएम ने किया तीखा तंज, बोले; मोदी मॉडल को अमेरिका अपना रहा, बस राहुल नहीं मानते...

मप्र राज्य, ब्यूरो। पीएम मोदी जिस क्रांति को लेकर चल रहे हैं, वह मॉडल अब अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप भी उसी दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी नहीं मान रहे। एमपी के सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि राहुल 'झूठ की गूंज' लेकर आ रहे हैं। उनका नाम 'पप्पू' है तो काम भी 'पप्पू' जैसे ही करते हैं।

दरअसल आगर-मालवा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निशाने पर सीधे कांग्रेस और राहुल गांधी थे। सीएम ने कांग्रेस पर देशहित में काम नहीं करने का आरोप लगाया और राहुल गांधी पर कई तीखे राजनीतिक तंज कसे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश के हित में कुछ नहीं किया, केवल बातें कीं। उन्होंने कहा कि एक नेता 'झूठ की गूंज' लेकर आ रहा है। सीएम ने राहुल गांधी के परिवार को लेकर भी सवाल खड़े किए और कहा कि आज वे जनता की बात कर रहे हैं, जबकि जनता सब कुछ जानती है।

पांच साल में एक बार जनता के बीच जाती है कांग्रेस

सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस के चुनावी तौर-तरीकों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता कांग्रेस के नेताओं को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के चुनाव क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि ये नेता दिल्ली से चुनाव नहीं लड़ते थे।

उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी से चुनाव लड़ने के बाद जब वहां भी हार का खतरा बढ़ा तो वायनाड चले गए। इसी पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि लोगों ने मजाक में कहा था कि 'समुद्र आ गया, नहीं तो ये अरब से चुनाव लड़ते। 'मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जनता के बीच पांच साल में केवल एक बार जाना है और जनता के लिए काम नहीं करना है। इसलिए हर बार नई और झूठी बात सामने आती है।

न्यायालय और सेना पर भी सवाल उठाने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर न्यायपालिका और सेना को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में न्यायालय सबसे पवित्र संस्थाओं में से एक है, लेकिन कांग्रेस के लोग उस पर भी अंगुली उठाते हैं। उन्होंने सेना और उसके पराक्रम पर सवाल उठाने का भी आरोप लगाया।

ट्रंप का जिक्र कर मोदी नीति की तारीफ

सीएम ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिका में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों जैसी पहल की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि यह बताता है कि लोकतंत्र और नई टेक्नोलॉजी के मामले में भारत आगे बढ़ रहा है। इसके बाद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे इसे मानते नहीं हैं। सीएम ने कहा, उनका नाम ही पप्पू है। अब जब नाम पप्पू है तो वो काम भी पप्पू जैसा ही करेगा।

* आगर-मालवा में CM मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला।
* 'झूठ की गूंज' और 'पप्पू' वाले तंज से राहुल गांधी को निशाने पर लिया।
* ट्रंप का जिक्र कर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को लेकर अपनी बात रखी।
* नक्सलवाद और डाकुओं के खिलाफ कार्रवाई को बीजेपी सरकार की उपलब्धि बताया।
* सिंचाई का रकबा 60 लाख हेक्टेयर से ज्यादा होने का दावा किया।

राहुल गांधी से बोले- 'यहां आओ तो माफी मांगना'

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी का मध्यप्रदेश में स्वागत है और उन्हें यहां आने की अनुमति दी जा रही है। हालांकि उन्होंने राहुल गांधी से प्रदेश आने पर माफी मांगने को कहा। सीएम ने बालाघाट में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि 'हमारी सरकार ने लाल सलाम को आखिरी सलाम कहा है।'

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जब नक्सलियों ने मध्यप्रदेश की धरती पर कांग्रेस के मुख्यमंत्री के मंत्री की दिनदहाड़े हत्या की थी, तब कांग्रेस ने क्या किया। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेसियों ने इसके लिए आज तक माफी नहीं मांगी।

डाकुओं के आतंक से सिंचाई तक गिनाए काम

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में डाकुओं के आतंक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चंबल, भिंड और मुरैना कभी डाकुओं के आतंक से प्रभावित क्षेत्र थे। बीजेपी सरकार ने डाकुओं की समस्या खत्म की।