मनोज पांडेय शिव महापुराण कथा में थे, सीएम योगी ने हेलीकॉप्टर भेजकर मंत्री को लखनऊ फौरन बुलाया...
यूपी के रायबरेली में चल रही शिव महापुराण कथा के छठे दिन मंगलवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए लखनऊ बुलाया। इसके लिए लखनऊ से हेलीकॉप्टर भेजा गया।
कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि वह कथा के आयोजन की व्यवस्थाओं में लगे थे। इसी बीच उन्हें लखनऊ में आयोजित यूपी कैबिनेट की बैठक में बुलाया गया। हालांकि सीएम योगी ने उन्हें लाने के लिए हेलीकॉप्टर भेजा। लखनऊ रवाना होते समय उनके साथ डलमऊ ब्लॉक प्रमुख शिवराम पासी, दीनशाह गौरा भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेश लोधी और जगतपुर मंडल अध्यक्ष केके पटेल भी गए।
मंत्री मनोज पांडेय ने खुद यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने एक पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर भेजकर उन्हें ऊंचाहार से लखनऊ बुलाया। यही नहीं मनोज पांडेय ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए सदैव आत्मीय रहेगा।आपको बता दें कि चड़रई में चल रही श्री शिव महापुराण कथा में आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। कथा व्यास पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भगवान महादेव की महिमा और सनातन संस्कृति का संदेश सुनने के लिए लाखों श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे रहे हैं।
कथा व्यास ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि महादेव सनातन जीवन-दर्शन के आधार हैं। शिवभक्ति मनुष्य को त्याग, तपस्या, संयम, करुणा और लोककल्याण की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से शिव के प्रति आस्था को जीवन और आचरण का हिस्सा बनाने कासंदेश दिया।
शिव पुराण कथा में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी पहुंचे
मंगलवार को कथा के पांचवें दिन तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी पहुंचे थे। उन्होंने पं. प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद लिया और भगवान महादेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा एवं लोककल्याण के प्रतीक हैं। ऐसी कथाएं समाज को संस्कारों से जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
राज्यपाल ने आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना की। आयोजक कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा का आयोजन क्षेत्र की जनता की भगवान महादेव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।
लाखों श्रद्धालुओं का उमड़ा जन सैलाब सनातन आस्था की जीवंत शक्ति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कथा के साथ भक्ति, सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति का विराट संगम बन गया है।