Headlines
Loading...
प्रयागराज में निकला विशाल अजगर, नीलगाय के बच्चे को पूरा निगल गया, मोबाइल में कैद हुआ ये खतरनाक मंजर...

प्रयागराज में निकला विशाल अजगर, नीलगाय के बच्चे को पूरा निगल गया, मोबाइल में कैद हुआ ये खतरनाक मंजर...

प्रयागराज एडवेंचर न्यूज। प्रयागराज के गंगापार इलाके के इमलहिया गांव में एक विशाल अजगर के पहुंचने से घंटों डर का माहौल रहा। खेतों से निकलकर अजगर गांव की ओर बढ़ रहा था। उसे देखते ही ग्रामीणों ने बच्चों को घरों के अंदर कर दिया और पालतू पशुओं को सुरक्षित जगह पहुंचा दिया। इसी दौरान अजगर ने करीब 20 किलो वजन के नीलगाय के बच्चे को अपनी गिरफ्त में ले लिया।

6 मिनट में नीलगाय के बच्चे को निगल गया अजगर

मामला थरवई थाना क्षेत्र के इमलहिया गांव का है. ग्रामीणों के मुताबिक, अजगर करीब 12 फीट लंबा था. उसे लोगों की तरफ बढ़ता देखकर खेतों में काम कर रहे लोग भी वहां से दूर चले गए। देखते ही देखते गांव में अजगर के पहुंचने की खबर फैल गई. इसी दौरान अजगर की नजर करीब 20 किलो के नीलगाय के बच्चे पर पड़ी। उसने नीलगाय के बच्चे को पूरी तरह से जकड़ लिया. ग्रामीण दूर खड़े होकर पूरी घटना देखते रहे. कुछ देर तक अपनी पकड़ में रखने के बाद अजगर ने करीब छह मिनट में नीलगाय के बच्चे को निगल लिया।

मोबाइल में कैद हुआ पूरा मंजर

नीलगाय के बच्चे को निगलने की घटना ग्रामीणों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। अजगर के करीब जाने की किसी ने हिम्मत नहीं की. घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल बना रहा. लोगों को आशंका थी कि अजगर दोबारा किसी घर या पालतू पशु की ओर जा सकता है. ग्रामीणों ने बच्चों और पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर रखा।

42 मिनट बाद अजगर ने उगल दिया नीलगाय का बच्चा

घटना के करीब 42 मिनट बाद अजगर ने नीलगाय के बच्चे को उगल दिया. इसके बाद भी ग्रामीण काफी देर तक मौके से दूर रहे. बताया गया कि करीब छह घंटे तक गांव में अजगर को लेकर दहशत बनी रही।

वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ा

ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानी बरतते हुए अजगर को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित तरीके से बोरे में बंद कर मौके से ले गई। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना का वीडियो अब ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।