Headlines
Loading...
पीएम के जन्मदिन पर भाजयुमो की काशी से वडनगर तक आयोजित 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा को राजनाथ व सीएम योगी दिखाएंगे हरी झंडी...

पीएम के जन्मदिन पर भाजयुमो की काशी से वडनगर तक आयोजित 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा को राजनाथ व सीएम योगी दिखाएंगे हरी झंडी...

वाराणसी, न्यूज। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर पर भाजयुमो की ओर से काशी से वडनगर (गुजरात) तक आयोजित 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे।वडनगर से यात्रा को गृह मंत्री अमित शाह रवाना करेंगे।

समारोह का आयोजन

इसके पूर्व रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री सिगरा स्थित अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर रुद्राक्ष सभागार में 'सेवा संकल्प अभियान' समारोह को संबोधित करेंगे। सभागार में एनडीए घटक दल के नेता आंध्र प्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान सहित एनडीए घटक दल के कई नेता मंच साझा करेंगे।

यात्रा का विवरण

इस सम्बंध में रविवार को गुलाब बाग (सिगरा) स्थित महानगर पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल ने पदाधिकारियों एवं व्यवस्था टोली में लगे कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की जन्मभूमि (वडनगर) और कर्मभूमि (काशी) को जोड़ने के लिए 500-500 प्रतिनिधियों का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आदान-प्रदान होगा। 

17 सितंबर को सिगरा स्टेडियम से बाइकर्स को रवाना किया जाएगा। इसके पूर्व काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से बाबा अभिषेक होगा। बूथों पर दीपोत्सव मनेगा। साथ ही आशा- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और विकास गाथा की परिचर्चा के साथ विश्वनाथ कॉरिडोर एवं वंदेभारत आदि पर आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी।

यात्रा की समाप्ति

जगदीश पटेल ने बताया कि कुल 20 बाइक यात्राएं निकाली जाएंगी। 10 यात्राएं वडनगर और 10 काशी से शुरू होंगी। प्रत्येक टोली में 25 बाइक सवार होंगे, प्रत्येक बाइक पर दो लोग रहेंगे। इस तरह, काशी और वडनगर दोनों दिशाओं से युवा कार्यकर्ता करीब 20 दिन तक यात्रा करेंगे। 

प्रतिदिन 100 किलोमीटर की दूरी तय होगी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। यात्रा का 20 दिन बाद सात अक्तूबर को वडनगर में समापन होगा। वडनगर से निकली यात्रा काशी सात अक्तूबर को आएगी। समापन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहेंगे। 

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, महापौर अशोक तिवारी, महामंत्री अजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास, आत्मा विश्वेश्वर, प्रमिल पांडेय, जगन्नाथ ओझा, सत्येंद्र सिंह, प्रवीण सिंह गौतम, रामप्रकाश बीरू, नवरतन राठी, रजत जायसवाल, अमन सोनकर, डॉ. अशोक राय, प्रदीप जायसवाल, अंजलि चौहान, नीरज जायसवाल, अनूप जायसवाल आदि मौजूद थे।