आईआईटी बीएचयू और जापान टैलेंडी होल्डिंग्स के बीच हुआ एमओयू, जापान की कंपनियों में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर...
वाराणसी, न्यूज। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू), वाराणसी ने जापान और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से टैलेंडी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते से संस्थान और उद्योग के बीच सहयोग को और मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।
आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि टैलेंडी के साथ यह साझेदारी जापानी उद्योगों के साथ संस्थान के जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटर्नशिप, रोजगार और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। संस्थान ऐसे सार्थक औद्योगिक संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों के वैश्विक करियर को नई दिशा दे सकें।
एमओयू के तहत इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा। टैलेंडी की ओर से आईआईटी (बीएचयू) और उसके विद्यार्थियों को टैलेंडी पोर्टल निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे।
आवेदन से लेकर इंटर्नशिप तथा संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) तक की भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में यह प्लेटफॉर्म मदद करेगा। टैलेंडी, आईआईटी (बीएचयू) के साथ मिलकर इंटर्नशिप प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करेगा। साथ ही पोर्टल की कार्यप्रणाली को संस्थान की प्लेसमेंट नीतियों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जाएगा।
एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर आईआईटी (बीएचयू) के डीन (आरएंडडी) प्रो. राजेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज, आउटरीच एवं इंडस्ट्री रिलेशंस तथा समन्वयक, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के डिप्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. के.पी. सरावडेकर एवं प्रो. सूर्य देव यादव, एसोसिएट डीन (आरएंडडी) डॉ. प्रदीप पाइक तथा उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
टैलेंडी की ओर से संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री नाओताका निशियामा, निदेशक (पब्लिक अफेयर्स) सुश्री एई मिनामिजाकी तथा मैनेजर (कस्टमर सक्सेस) श्री केंजी अराई मौजूद रहे। बताया गया कि टैलेंडी प्लेटफॉर्म को वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित इंडिया-जापान वर्किंग ग्रुप सत्रों में हुई चर्चाओं के आधार पर विकसित किया गया है।
इन सत्रों को जापान के मिनिस्ट्री ऑफ इकोनॉमी, ट्रेड एंड इंडस्ट्री (METI) तथा टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास का सहयोग प्राप्त था। इस पहल में भारत के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और जापानी कंपनियों ने भाग लेकर विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की थी।
आईआईटी (बीएचयू) और टैलेंडी के बीच यह साझेदारी संस्थान के उद्योग सहभागिता तंत्र को और मजबूत करेगी। साथ ही विद्यार्थियों को जापान तथा वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उपलब्ध इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों से जुड़ने का व्यापक मंच मिलेगा।