एशियन गेम्स व जापान के खिलाफ ऐतिहासिक T20I मैच से पहले BCCI का बड़ा फैसला, टीम इंडिया के स्क्वाड में हुआ बदलाव...
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का एलान पहले ही हो गया था। हालांकि, अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्क्वाड में बदलाव किया है। टीम इंडिया अपना पहला मैच 28 सितंबर को खेलेगी, जो क्वार्टर फाइनल मैच होगा क्योंकि टीम इंडिया ने सीधे क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
टीम इंडिया के स्क्वाड का एलान एशियन गेम्स के लिए पहले ही किया गया था लेकिन अब टीम में दो बदलाव हुए हैं। एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया जापान के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 मैच खेलेगी। दोनों टीमें पहली बार किसी इंटरनेशनल मैच में एक-दूसरे का सामना करेंगी। ये मैच दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर आयोजित किया जा रहा है। मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।
विप्रज निगम को मिला मौका
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट की वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ जारी सीरीज से बाहर हो गए थे। वे इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी चोट के बाद बाहर हो गए थे। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर चोट से वापसी के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 मैच खेला। हालांकि, एक मैच खेलने के बाद ही वे सीरीज से बाहर हो गए। अब वे एशियन गेम्स से भी बाहर हो गए हैं। उनकी जगह विप्रज निगम को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में भी चक्रवर्ती की जगह ली है।
नीतीश कुमार रेड्डी हुए बाहर
एशियन गेम्स के लिए नीतीश कुमार रेड्डी को भी टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, बीसीसीआई ने स्क्वाड से रिलीज कर दिया है। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया गया है। इस वजह से रेड्डी एशियन गेम्स में नहीं जाएंगे। इससे पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी चोट की वजह से एशियाई खेलों से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह यश ठाकुर को स्क्वाड में जगह मिली है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, विप्रज निगम।