'अंकलों में जवानी फूट रही, हालत खराब कर दी', दिल्ली में घूरने से परेशान लड़की ने सरेआम पहने कपड़े-VIDEO वायरल...
Delhi Viral दिल्ली को देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक और खुले माहौल वाले शहर के तौर पर भी देखा जाता है। कनॉट प्लेस जैसे इलाके में लोग घूमने, खरीदारी करने और दोस्तों के साथ वक्त बिताने आते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आया एक वीडियो इसी जगह को लेकर एक लड़की के बिल्कुल अलग अनुभव की कहानी बता रहा है। वीडियो में एक लड़की अपनी दोस्त के साथ कनॉट प्लेस में नजर आती है। उसकी दोस्त ने शर्ट पहन रखी है।
बातचीत के दौरान वह बताती है कि वहां मौजूद भीड़ की वजह से वह असहज महसूस कर रही थी और इसलिए उसने ड्रेस के ऊपर से शर्ट पहन ली। इसके बाद दोनों दोस्तों की बातचीत सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं रहती। बात पहुंचती है घूरने, असहज महसूस करने और महिलाओं की सुरक्षा तक। आइए विस्तार से जानते हैं...
Delhi Neha Kopani Viral 'क्राउड बहुत गंदा है, अपनी पसंद के कपड़े नहीं पहन सकते'
यह वीडियो नेहा कोपानी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें वह अपनी दोस्त पारुल के साथ कनॉट प्लेस में नजर आती हैं। वीडियो की शुरुआत में पारुल शर्ट पहने दिखाई देती हैं। नेहा उनसे पूछती हैं कि उन्होंने शर्ट क्यों पहन ली? इस पर पारुल जवाब देती हैं कि वहां की भीड़ 'बहुत गंदी' है और वह असहज महसूस कर रही थीं। इसके बाद दोनों के बीच कपड़ों और भीड़ को लेकर बातचीत होती है।नेहा कहती हैं कि अगर भीड़ ऐसी है तो आखिर कोई लड़की कहां-कहां जाएगी? वह यह भी कहती हैं कि कनॉट प्लेस जैसी जगह पर ऐसा नहीं होना चाहिए। मुझे यहां ऐसी उम्मीद नहीं थी। नेहा कहती हैं कि 'सेफ्टी कहीं नहीं है।' उनका दावा है कि कनॉट प्लेस में उन्हें कई अंकलों के घूरने का सामना करना पड़ा। वह सवाल उठाती हैं कि अगर वह सेंट्रल दिल्ली में हैं, तब भी अपनी पसंद के कपड़े पहनने में असहज महसूस कर रही हैं, तो महिलाओं की सुरक्षा और आजादी को लेकर समाज में बदलाव कितना आया है?
'इतने अंकलों ने घूरा है...'
वीडियो में नेहा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती हैं। वह कहती हैं कि सुरक्षा कहीं नहीं है और उन्हें कई उम्रदराज पुरुषों यानी अंकलों ने घूरा। इसके बाद वह सवाल करती हैं कि अगर वह दिल्ली के सेंट्रल इलाके में भी अपनी पसंद के कपड़े नहीं पहन सकतीं तो फिर आजादी और सुरक्षा का मतलब क्या है? वीडियो में दोनों युवतियां अपनी ड्रेस भी दिखाती हैं और बताती हैं कि उन्हें किस तरह की असहजता महसूस हुई।
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने महिलाओं को सार्वजनिक जगहों पर होने वाली असहज स्थितियों पर चिंता जताई। एक यूजर ने इसे भारत में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी समस्या बताया। वहीं एक अन्य यूजर ने कनॉट प्लेस में अपने साथ हुए ऐसे ही अनुभव का जिक्र किया। कुछ प्रतिक्रियाओं में यह भी कहा गया कि युवतियों को खासतौर पर उम्रदराज पुरुषों की घूरती निगाहों से परेशानी महसूस होती है।
कपड़े या नजरिया, सवाल किस पर?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी किसकी है? किसी महिला के कपड़े उसकी पसंद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर किसी को घूरना, असहज करना या उसके पहनावे को लेकर उसे असुरक्षित महसूस कराना अलग मुद्दा है।
कनॉट प्लेस जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर सामने आया यह वीडियो इसी सवाल को फिर चर्चा में ले आया है कि क्या महिलाओं को सुरक्षित महसूस करने के लिए अपने पहनावे को बदलना पड़ेगा, या समाज को अपनी नजर और व्यवहार बदलने की जरूरत है?